भाईदूज पर ट्रेन की सफर से उत्साहित रहीं महिलाएं
बहराइच : आमान परिवर्तन के मद्देनजर दो वर्षों से ठप पड़ी बहराइच-गोंडा रेल मार्ग पर शुक्रवा
बहराइच : आमान परिवर्तन के मद्देनजर दो वर्षों से ठप पड़ी बहराइच-गोंडा रेल मार्ग पर शुक्रवार से ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया। पहली बार इस रूट पर चलने वाली ट्रेन पर सफर करने वाली महिला यात्रियों में उत्साह नजर आया। पहली ट्रेन के पहले सफर को लेकर सबकी अलग-अलग राय थी।
शहर के जोशियापुरा निवासी राजकुमार साहू ने बताया कि जिलेवासियों के लिए बहराइच-गोंडा रेलमार्ग पर ट्रेन का संचालन एक बड़ा तोहफा है, लेकिन इस ट्रेन में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए जाने चाहिए। प्रियंका ने बताया कि इस रूट पर बड़ी लाइन ट्रेनों का संचालन होने से अब लोगों को डग्गामार वाहनों पर लटक कर नहीं जाना पड़ेगा। यही नहीं लोग सुरक्षित सफर कर सकेंगे। गुदड़ी किला की मंजू मलिक ने बताया कि अक्सर बहराइच से गोंडा जाने के लिए वाहनों का इंतजार करना पड़ता था। मजबूरीवश डग्गामार वाहनों में जाने को विवश रहते थे। मनमाफिक किराया वसूलने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिल पाती थी। मेवातीपुरा निवासी ममता श्रीवास्तव ने बताया कि भैया दूज के दिन ट्रेन चलने से वे काफी खुश हैं। बीते वर्ष बस में धक्के खाकर वे भाई दूज पूजने गई थी, लेकिन इस बार ट्रेन का संचालन होने से वे पूरे परिवार के साथ सुरक्षित सफर करने जा रही हैं।