गरज-चमक के साथ पड़ी फुहारें, फसलों को नुकसान
संसू बहराइच तराई के मौसम का मिजाज बुधवार को रात बदल गया। गरज-चमक के साथ 25 किमी प्रति
संसू, बहराइच : तराई के मौसम का मिजाज बुधवार को रात बदल गया। गरज-चमक के साथ 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चली। कई जगहों पर फुहारे भी पड़ी। आंधी चलने से गेहूं व आम की फसल को नुकसान हुआ है। मौसम बदलने के बावजूद न्यूनतम पारा 26 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम पारा 42 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। गुरुवार को गर्मी के साथ बढ़ी उमस ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी। पशु पक्षी भी बेहाल है।
रात को मौसम बदल गया। आसमान में बादलों के गड़गड़ाहट के साथ 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवाई चली। आंधे घंटे तक हवाएं चलती रहीं। मौसम को देखते हुए किसान खेतों में कटी पड़ी गेहूं की फसल को सहेजने में रात भर जुटे रहे। सुबह तक गेहूं की मड़ाई करते रहे। किसान राहुल वर्मा, मुकेश कुमार विनोद ने बताया कि आंधी आने से गेहूं की फसल उड़ गई। आम की फसल को भी नुकसान हुआ। मौसम में बदलाव से दिन का पारा एक डिग्री लुढ़ककर 42 व न्यूनतम पारा 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दोपहर के समय गर्म हवा के झोंके झुलसाते रहे। बढ़ी उमस के चलते लोग पसीने से तर बतर रहे। भीषण गर्मी में हलक सूखने से लोग बेहाल रहे। प्यास बुझाने के लिए लोगों ने गन्ने के जूस, बेल शर्बत, आम का पना, लस्सी, कोल्ड ड्रिक्स की दुकानों की ओर रूख किया। बिजली कटौती से बढ़ी परेशानी
बढ रहे गर्मी के कहर के बीच बिजली का आवाजाही लोगों को रुला रही है। जिला अस्पताल में बिजली कटौती से मरीज व तीमारदार बेहाल रहे। अस्पताल व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी दिक्कतें बढ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में हालत और भी बदतर है। बिजली कटौती से बेहाल लोग पेड़ों के नीचे व हाथ के पंखे के हवा से गर्मी से राहत पाते दिखे।