विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

7.68 करोड़ से CHC बनकर तैयार, डेढ़ लाख की आबादी को होगा फायदा, स्वास्थ्य अधिकारियों की तैनाती के बाद होगा संचालन

Published: Sun, 22 Feb 2026 03:23 PM (GMT+05:30)

बहराइच के विशेश्वरगंज में 7.68 करोड़ रुपये की लागत से दूसरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बनकर तैयार है। दो दिन ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, बहराइच। विशेश्वरगंज में दूसरे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। 7.68 करोड़ की लागत से तैयार हुई सीएचसी को दो दिन में राजकीय निर्माण निगम की ओर से स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित कर दिया जाएगा। इसके बाद स्वास्थ्य अधिकारियों की तैनाती कर इसका संचालन शुरू करवा दिया जाएगा। सीएचसी का संचालन होने से डेढ़ लाख की आबादी को इसका लाभ मिलेगा। इलाके के लोगों को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

विशेश्वरगंज खंड में पहुंचकट्टा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का संचालन हो रहा है। यहां पर मरीजों की भीड़ लगती है। इसको देखते हुए क्षेत्र के लोगों ने दूसरे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण की मांग की। जिस पर तत्कालीन सीएमओ ने शासन को पत्र लिखा था।

प्रस्ताव को मिली हरी झंडी

शासन ने प्रस्ताव को हरी झंडी देते हुए बजट मंजूर कर दिया। जिस पर सीएचसी का निर्माण शुरू हुआ। डेढ़ वर्ष में सीएचसी का निर्माण पूरा हो गया है। जिस पर सात करोड़ 68 लाख 84 हजार रुपये खर्च हुआ है। अब इसके हस्तांतरण की कार्रवाई चल रही है।

सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी के निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य विभाग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सौंप दिया जाएगा। सीएमओ डा. संजय कुमार ने बताया कि भवन बनकर तैयार हो गया है। उसका रंग रोगन भी हो चुका है।

चिकित्सकों की तैनाती के बाद इसका संचालन शुरू कर दिया जाएगा। अस्पताल संचालन शुरू होने पर डेढ किलोमीटर की दूरी पर स्थित पड़ोसी जिला गोंडा के गांवों के मरीज भी इलाज करवा सकते हैं।

इन गांवा के लोगों को मिलेगा लाभ

गुलहरिया, हरदाही, राजापुर गिरंट, रमनगरा, शिवपुर बैरागी, प्रतापपुर उपरहर, प्रतापपुर तरहर, गंगा जमुनी, डोलकुंआ, बनघुसरा, गंगवल समेत 25 गांव के लोगों को इलाज में सहूलियत मिलेगी। इन सभी को जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। सीएचसी के शुरू होने से डेढ़ लाख की आबादी को लाभ मिलेगा।

सीएचसी में यह हुआ निर्माण

स्वास्थ्य सूचना व शिक्षा अधिकारी बृजेश सिंह ने बताया कि सीएचसी भवन के अलावा छह आवास अधिकारियों के, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के आवास बने हैं। इसके अलावा टाइप टू व टाइप थ्री के हाल का निर्माण हुआ है। जिसमें प्रशिक्षण हो सकता है।