अवैध टोल टैक्स वसूली पर वाहन स्वामियों ने लगाया जाम
कैसरगंज( बहराइच): कैसरगंज थाना क्षेत्र के ऐनी अलहिया गांव के निकट बहराइच-लखनऊ हाईवे
कैसरगंज( बहराइच): कैसरगंज थाना क्षेत्र के ऐनी अलहिया गांव के निकट बहराइच-लखनऊ हाईवे पर स्थित टोल टैक्स पर सोमवार को निर्धारित दर से अधिक टैक्स वसूलने से नाराज वाहन स्वामियों ने हाईवे को जाम कर दिया। टोल कर्मियों व वाहन स्वामियों के बीच तीखी नोंकझोंक की खबर पाकर पुलिस कर्मी भी पहुंच गए। दोनों पक्षों को शांत कराकर पुलिस ने जाम हटवाया। इसके बाद हाईवे पर आवागमन शुरू हो सका। इस दौरान एक घंटे हाईवे जाम रहा।
कैसरगंज एसओ संतोष कुमार ने बताया कि टोल टैक्स का ठेका बदल गया है। जिले व गैर जिले में पंजीकृत वाहनों पर टोल टैक्स की निर्धारित दर को लेकर कर्मचारी अनजान थे। वे एक ही दर वसूल रहे थे। इसको लेकर वाहन स्वामियों ने विरोध किया। इसी बात को लेकर जाम की स्थिति पैदा हुई है। कर्मचारियों को निर्धारित दर से टैक्स वसूलने की हिदायत दी गई है। अवैध वसूली पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वाहन स्वामियों का आरोप है कि आए दिन अवैध वसूली की जाती है। विरोध करने पर कर्मचारी फौजदारी आमादा हो जाते हैं। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों को हटवाकर जाम से निजात दिलाई। लखनऊ व बहराइच से आने जाने वाले वाहनों की एक किलोमीटर तक हाईवे पर लंबा जाम लगा रहा है।