बीवी जीरामजी योजना से बहराइच में बढ़ा रोजगार, दो माह में 36093 जॉब कार्ड धारकों को मिला काम
बहराइच में 1 जुलाई से लागू वीबी-जीरामजी योजना के तहत दो माह में 36,093 जाबकार्ड धारकों को रोजगार मिला है, ...और पढ़ें

HighLights
वीबी-जीरामजी योजना से बहराइच में 36,093 जाबकार्ड धारकों को काम।
दो लाख से अधिक मानव दिवस सृजित, 125 दिन रोजगार की गारंटी।
जीपीएस ट्रैकिंग और सोशल ऑडिट से पारदर्शिता सुनिश्चित।
जागरण संवाददाता, बहराइच। गांवों में श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए एक जुलाई से लागू की गई विकसित भारत-गारंटी फार रोजगार एवं आजीविका मिशन (वीबी-जीरामजी) योजना के तहत जिले में रोजगार सृजन शुरू हो गया है। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार जुलाई से अब तक करीब 36093 जाबकार्ड धारकों को काम दिया गया है। इनसे दो लाख से अधिक मानव दिवस का रोजगार सृजित हुआ है।
जिले में कुल 4,44,675 पंजीकृत जाबकार्ड हैं, जबकि 2,30,423 सक्रिय जाबकार्ड धारक हैं। योजना के तहत एक जुलाई से विभिन्न ग्राम पंचायतों में दो सौ से अधिक कार्य शुरू कराए गए थे। इनमें पौधरोपण के लिए गड्ढों की खोदाई, नाला सफाई, जल संरक्षण और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्य प्रमुख हैं।
यह भी पढ़ें- कौन हैं निर्मला यादव, मदन मोहन पांडे और महेश भागचंदका? जिनकी श्रीराम मंदिर ट्रस्ट में हुई नियुक्ति
मनरेगा में जहां 100 दिन रोजगार की गारंटी थी, वहीं वीबी-जी रामजी योजना में जाबकार्ड धारकों को 125 दिन तक रोजगार दिए जाने का प्रावधान है। समय से मजदूरी भुगतान में देरी होने पर मुआवजे का भी प्रावधान किया गया है। पारदर्शिता के लिए जीपीएस ट्रैकिंग और सोशल ऑडिट को भी व्यवस्था में शामिल किया गया है।
योजना के तहत कार्यों को दो श्रेणियों में बांटा गया है। पहली श्रेणी में पेयजल, पौधरोपण और जल संरक्षण तो दूसरी श्रेणी में खेल मैदान, बंधी, हरा चारा सहित ग्रामीण संरचना के कार्य शामिल हैं। तालाबों, पोखरों व जलाशयों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन और जलस्रोतों के पुनर्जीवन के कार्य भी कराए जाएंगे।
जुलाई से अब तक दो लाख से अधिक मानव दिवस सृजित किए जा चुके हैं। मानसून सीजन के बाद योजना के तहत रोजगार के अवसर और बढ़ने की उम्मीद है। - रवि शंकर पांडेय, उपायुक्त वीबी जीरामजी
