यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 18, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार से मासूम सहित दो की मौत

बहराइच : जिले में संदिग्ध बुखार का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती एक मासूम सहित दो लोगों की मौत हो गई। डेंगू से पीड़ित चार नए मरीज भर्ती किए गए हैं।
शुक्रवार को रानीपुर थाना क्षेत्र के गौरिया हर्राजपुर निवासी शिवम पाठक(10) पुत्र पंकज पाठक की उपचार के दौरान मौत हो गई। उसे गंभीर हालत में तेज बुखार और झटके आने पर जिला चिकित्सालय के चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती किया गया था। कैसरगंज बाजार के नेवास(30) पुत्र सुकरू की भी तेज बुखार आने के कारण गुरुवार रात में ही मौत हो गई। शुक्रवार को डेंगू से पीड़ित चार नए मरीजों को उपचार के लिए भर्ती किया गया है। जिनमें अस्पताल में सफाई कर्मी के पद पर तैनात वजीरबाग निवासी जसवंत कुमार(28), थाना दरगाह क्षेत्र के मुहल्ला दरगाह निवासी रिजवान खां(26) पुत्र मुन्ना तथा मुहल्ला सलारगंज निवासी अब्दुल्ला(38) पुत्र अलीरजा शामिल हैं। जिला प्रशासन ने बुखार व डेंगू से बचाव के लिए साफ-सफाई के मद्देनजर बैठकें की। गांवों में फागिंग कराने व सफाई के निर्देश दिए गए। जिला पंचायत राज कार्यालय ने फागिंग के लिए मशीनें क्रय कर ली, लेकिन अभी तक फागिंग होने की सूचना नहीं मिल पाई है। शहर में भी फागिंग नहीं शुरू हुई है। चप्पे-चप्पे पर गंदगी के ढेर हैं। सुअरबाड़ों में भी साफ-सफाई व फागिंग के बाबत जारी किए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित नहीं हो पा रहा है। अधिकारियों के आदेश फाइलों में सीमित हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
