यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 07, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार व डायरिया से दो और बच्चों की मौत
बहराइच : तराई में बुखार व डायरिया का कहर थम नहीं रहा है। मासूम तेजी से इन बीमारियों

बहराइच : तराई में बुखार व डायरिया का कहर थम नहीं रहा है। मासूम तेजी से इन बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल में बुधवार को देर शाम भर्ती कराए गए दो और बच्चों की इलाज के दौरान मौत हो गई। विभिन्न बीमारियों से पीड़ित 14 और बच्चों को जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती कराया गया है। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है। चार पीड़ितों को चिल्ड्रेन वार्ड से पीआईसीयू में शिफ्ट किया गया है।
फखरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सईदपुरा निवासी शिवांशु (4) पुत्र जीवनलाल कई दिनों से बुखार से पीड़ित चल रहा था। सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल लाया गया। देर रात उसकी मौत हो गई। रानीपुर क्षेत्र के ग्राम बेहड़ापुर की रहने वाली इकरा (1) पुत्री मुहम्मद्दीन की डायरिया से हालत गंभीर होने पर उसे गुरुवार को यहां भर्ती कराया गया था। दोपहर में उसकी भी मौत हो गई। बुखार, डायरिया व अन्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित रोगियों की संख्या दिनोंदिन बढ़ रही है। इसके चलते चिल्ड्रेन वार्ड व पीआईसीयू पूरी तरह से रोगियों से भरा हुआ है।
