यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 30, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डायरिया व बुखार से तीन ने तोड़ा दम

बहराइच : जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान डायरिया और बुखार से पीड़ित तीन मासूमों ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने हालत गंभीर होने पर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था।
कोतवाली देहात क्षेत्र के इमलिया गांव निवासी वंदना तथा इसी थाना क्षेत्र के गदाबियानपुरवा निवासी पारुल(7)पुत्री कल्लू राम, विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र गुजवा गांव निवासी वीर भवन(11)पुत्र बद्रीनाथ ने जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इनमें से दो बच्चों को तेज बुखार, संक्रमण तथा एक को डायरिया होने के कारण परिजनों ने जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था। रविवार को बुखार और डायरिया से पीड़ित दस और मासूमों को भर्ती कराया गया है। इनमें कोतवाली देहात क्षेत्र के शेखदहीर निवासी शिवम पुत्र मिंटू, मसीहाबाद निवासी गोलू पुत्र मुन्ना लाल, शमी पुत्र लतीफ खान, पयागपुर थाना क्षेत्र के तिवारीपुरवा निवासी अनुपम पुत्र धनीराम तथा श्रावस्ती जिले के गिलौला थाना क्षेत्र के बरदहनपुरवा निवासी अजय पुत्र राम नरेश की हालत गंभीर है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.केके वर्मा ने बताया कि अस्पताल में डायरिया और बुखार से पीड़ित बच्चे आ रहे हैं। इनका समुचित उपचार किया जा रहा है।
