यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 04, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार-संक्रमण से तीन की मौत

बहराइच : जिले में बुखार और संक्रमण से हो रही मौतों का सिलसिला जारी है। रविवार को जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान दो महिलाओं समेत तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। जिला चिकित्सालय के चिल्ड्रेन वार्ड में आज 24 बाल रोगी भर्ती किए गए। जिनमें अधिकांश की हालत गंभीर है। तीन बाल रोगियों को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।
रामगांव थाना क्षेत्र के माफिकपुर निवासी ब्रह्मादीन पुत्र बैजनाथ को चार दिन पूर्व तेज बुखार हुआ। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां रविवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। इसी थाना क्षेत्र के मान्धातापुरवा निवासी साकरून पत्नी नसीब अली तथा श्रावस्ती जिले के गिलौला थाना क्षेत्र के रसूलपुर निवासी ननकई पत्नी जगत को भी बुखार और संक्रमण के कारण परिजनों ने जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था। जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। जिला चिकित्सालय के चिल्ड्रेन वार्ड में बुखार और संक्रमण से पीड़ित बाल रोगियों की संख्या में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है। नानपारा कोतवाली के गुरगुट्टा निवासी विकास(6) पुत्र केशवराम, बलरामपुर जिले के पचपेड़वा थाना क्षेत्र के खाकादाई गांव निवासी तबस्सुम(5) पुत्र गुलाम तथा इसी जिले के तुलसीपुर थाना क्षेत्र के रत्नापुर गांव निवासी जानकी (4) पुत्री बनवारी को तेज बुखार और संक्रमण से हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया है। चिकित्सालय के चिल्ड्रेन वार्ड में 24 बालरोगी भर्ती किए गए। जिनमें नवाबगंज थाना क्षेत्र दलितपुरवा निवासी छोटू, इकौना थाना क्षेत्र के गैलहा निवासी अभय कुमार, हरदी थाना क्षेत्र के बलसरी निवासी सुभाष पुत्र जगतराम, दरगाह थाना क्षेत्र के सगरा निवासी अमित पुत्र प्रदीप, मल्हीपुर के परसोहना निवासी अनुज कुमार पुत्र विजय कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है।
