जिले में 16 और लोग हुए कोरोना पॉजिटिव
पूर्व में कोरोना पॉजिटिव पाए गए 14 अब ठीक हो गए है। सभी को घर भेज दिया गया है।
सुलतानपुर : लखनऊ के वीरबल साहनी इंस्टीट्यूट ऑफ पोलियो साइंसेज लैब से सोमवार को जारी 449 की रिपोर्ट में 16 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं इलाज करा रहे 14 लोगों को ठीक होने के बाद कोविड केयर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। सभी संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती करा दिया गया है।
शहर के पुलिस लाइन निवासी बुजुर्ग समेत एक ही परिवार के तीन लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। यह लोग पूर्व में पॉजिटिव पाए गए एक युवक के संपर्क में आए थे। वहीं विकास भवन में लघु सिचाई विभाग में तैनात कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद संपर्क में आने से सदर तहसील परिसर की आवासीय कॉलोनी में रहने वाले पिता-पुत्री को भी कोरोना हो गया है। रेलवे में तैनात इलेक्ट्रीशियन मोतिगरपुर विकास खंड के नानेमऊ निवासी एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह विशेष ट्रेन से हरियाणा से जिले में पहुंचे थे। शाहगंज, खैराबाद, दरियापुर, हनुमानगढ़ी, शास्त्री नगर में एक-एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित हुए हैं। पयागीपुर स्थित आइटीआइ के पीछे रहने वाले यूको बैंक के असिस्टेंट मैनेजर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। शहर के ईदगाह की दो गर्भवती महिलाओं की जिला महिला अस्पताल में सैंपलिग की गई थी। इन्हे कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। जिला महिला अस्पताल में भर्ती एक प्रसूता को भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। सरायगढ़ अमेठी की रहने वाली एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोविड पोर्टल पर भी जिले के दो कोरोना पॉजिटिव केस को अंकित किया गया है। सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने बताया कि जिले के कंटेनमेंट जोन में रहने वाले लोगों की स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है। आवश्यक वस्तुओं जैसे दवाओं, राशन व अन्य चीजों की आपूर्ति के लिए प्रशासन की तरफ से कई तरह के प्रयास किए गए हैं।