अग्निकांड में जले सात आशियाने, बालक झुलसा
बहराइच मिहींपुरवा व महसी तहसील क्षेत्र में शुक्रवार को अचानक लगी आग से सात आशियाने जल गए।
बहराइच : मिहींपुरवा व महसी तहसील क्षेत्र में शुक्रवार को अचानक लगी आग से सात आशियाने जल गए। लपटों की चपेट में आकर बालक झुलस गया। लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
महसी तहसील क्षेत्र के भिरवा गांव में आग की लपटें उठती दिखाई दीं। आग लगने के दौरान घर के लोग खेतों में काम पर गए थे। लोग जब तक मौके पर पहुंचते आग की लपटों ने आसपास के आशियानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसमें हजरत, जुमई, पांचू, मेहंदी, जमुना देवी आंशिक रूप से झुलस गए। घर में रखा अनाज समेत पूरी गृहस्थी आग की भेंट चढ़ गई।
जमुना देवी के घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात जल गए। तीन लाख की क्षति का अनुमान है। तहसीलदार राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल को क्षति के आकलन के लिए मौके पर भेजा गया। पीड़ित परिवारों को अहेतुक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मिहींपुरवा तहसील क्षेत्र के कुड़वा के कल्लू गौढ़ में बाला प्रसाद के घर अचानक आग लग गई। हवा के झोंकों के चलते आग ने दाताराम के घर को भी चपेट में ले लिया। दाताराम का पांच वर्षीय बालक गोलू चपेट में आकर झुलस गया। इलाज के लिए सीएचसी मोतीपुर में भर्ती कराया गया है। अग्निकांड में अनाज समेत गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। चौकी इंचार्ज मिहींपुरवा आलोक सिंह ने ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाई। लेखपाल शंभूलाल ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी है।