बाढ़ के पानी ने बिगाड़ी सड़कों की सूरत
बाढ़ का दुष्प्रभाव आवागमन में दुश्वारियां ग्रामीणों ने की सड़क मरम्मत कराने की मांग
बहराइच : बेलहा-बेहरौली तटबंध व घाघरा नदी के बीच बसे गांवों में बाढ़ के पानी ने सड़कों को खस्ताहाल कर दिया है। पानी की तेज धार से जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। गिट्टियां उखड़कर किनारों पर जमा हो गई हैं। आवागमन में राहगीरों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है।
तहसील क्षेत्र के अंगरौरा-दुबहा संपर्क मार्ग का डामरीकरण दो वर्ष पूर्व कराया गया था। इस मार्ग से अंगरौरा, दुबहा, कोटिया, पचदेवरी, मैकूपुरवा के 12 गांवों के लोग आवागमन करते हैं। राजी चौराहा मुख्य कस्बा होने के नाते इन गांवों के लोग रोजमर्रा के सामान की खरीदारी के लिए इसी मार्ग से होकर जाते हैं। बीते दिनों आई बाढ़ ने सड़क को जर्जर बना दिया है।
इस मार्ग पर पुल के निकट, स्कूल के पास व बैठू के खेत के पास सड़क उखड़ गई। इसके अलावा राजी चौराहा से मंगलपुरवा जाने वाला मुख्य मार्ग भी खस्ताहाल हो गया है। सड़क की गिट्टियां व खड़ंजा उखड़ गया है। राहगीर किसी तरह इस मार्ग से आवागमन करने को मजबूर हैं। अनूप सिंह, मायाराम, आदित्य मिश्र, सतीश जायसवाल, राजितराम ने बताया कि बाढ़ के पानी से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत कराया जाना जरूरी है। आवागमन में काफी असुविधा हो रही है।
बोले जिम्मेदार
आरईएस के अवर अभियंता विशद सिंह ने बताया कि बाढ़ क्षेत्र में खराब सड़कों की जानकारी ली जा रही है। जर्जर सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी।
सड़क धंसने से गिरकर चोटिल हो रहे लोग
खुटेहना : गोंडा-बहराइच मार्ग से लखाही-पुतलीतारा जाने वाला मार्ग बदहाल है। शंभुतारा गांव से पहले माइनर पुल के पास सड़क धंस गई है, जो जानलेवा गड्ढा में तब्दील हो चुकी है। यह आने-जाने वाले लोगों के लिए कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकती है। दिनेश यादव, हरिओम मिश्र, रामकुमार मौर्य, दिनेश वर्मा, अवध नरेश यादव का कहना है कि इस मार्ग से एक दर्जन ग्राम पंचायतों के लोगों का आवागमन होता है। कई बार सूचना लोक निर्माण विभाग को दिया गया, परंतु मुख्य मार्ग पर बना जानलेवा गड्ढे को भरा नहीं गया है। रात्रि के समय अंजान लोगों को इस मार्ग पर ज्यादा दिक्कत होती है। आए दिन गिरकर लोग चोटिल हो रहे हैं।