पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी गिरफ्तार
देहात कोतवाली क्षेत्र से 2005 में हुआ था फरार रुपईडीहा पुलिस को गिरफ्तारी में मिली कामयाबी श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर के सरदारपुरवा खांवाकला का है निवासी
बहराइच : मुठभेड़ में रुपईडीहा पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के सरदारपुरवा खांवाकला का निवासी है। वह नगर कोतवाली क्षेत्र से 2005 में फरार हुआ था।
अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह के निर्देश पर इनामी बदमाश को गिरफ्तार करने के लिए मुखबिरों को जाल बिछाया गया था। बीती रात मुखबिर की सूचना पर रुपईडीहा पुलिस ने खैरहनिया जंगल के पास कृत्रिम गर्भाधान केंद्र के निकट तिराहे पर घेराबंदी की।
रात करीब 10.50 बजे इनामी बदमाश अखलाख उर्फ अकलाख को वन वैरियर के पास आता देख मुखबिर ने इशारा किया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे आत्मसमर्पण के लिए ललकारा, लेकिन उसने तमंचे से पुलिस टीम पर फायर दिया और भागने की कोशिश की। पुलिस ने जवाब में हवाई फायरिग कर डराने की कोशिश की, लेकिन उसे रुकता न देख पैर में गोली मार कर दबोच लिया। उसके पास से 315 बोर का एक कट्टा, दो जिदा एवं दो खोखा बरामद हुए। इसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चर्दा में भर्ती कराया गया। उसकी हालत सामान्य है।
16 साल से पुलिस को दे रहा था चकमा
आरोपित पशु तस्करी समेत कई तरह के अपराधों में 1995 से सक्रिय था। उस पर श्रावस्ती एवं बहराइच जिलों में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज थे। कोतवाली देहात में 2005 में दर्ज मुकदमा संख्या 186 के तहत उस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था। वह 2005 में देहात कोतवाली से पुलिस को चकमा देकर भगा निकला था। पशु तस्करी का संगठित गिरोह संचालित करने वाला अकलाख ज्यादातर समय पड़ोसी राष्ट्र नेपाल में शरण लिए रहता था। मुठभेड़ में गिरफ्तार बदमाश काफी शातिर किस्म का है। वह अपनी गतिविधियों को गुपचुप तरीके से अंजाम देता है। उसके अपराधों को ब्यौरा अन्य जिलों से भी मांगा गया है।
-अशोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक