रंजिश में भाजपा नेता के पुत्र की हत्या
भाजपा जरवल मंडल उपाध्यक्ष के पुत्र का शव सड़क किनारे गड्ढे में पड़ा मिला। दो नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर थाने में दी गई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
संसू, जरवलरोड(बहराइच) : भाजपा जरवल मंडल उपाध्यक्ष के पुत्र का शव सड़क किनारे गड्ढे में पड़ा मिला। दो नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर थाने में दी गई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
जरवलरोड थाना क्षेत्र के रेवढ़ा नयापुरवा के रामसिंह वर्मा जरवल भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष हैं। उनके पुत्र संतबलि (30) का शव शनिवार को लखनऊ-गोंडा हाईवे से कोनहटा जाने वाले संपर्क मार्ग के किनारे गड्ढे से बरामद किया गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। मृतक के पिता भाजपा नेता रामसिंह वर्मा ने बताया कि जरवलरोड के निकट अलीनगर के पास उनका बेटा मोटरसाइकिल मरम्मत की दुकान करता था। शुक्रवार सुबह घर से दुकान गया था, लेकिन जब शाम को रोज की तरह वापस घर नहीं पहुंचा तो उन्होंने खोजबीन शुरू की। मृतक बेटे के ससुर सुरेश कुमार वर्मा निवासी पकड़ी को फोन किया तो उन्होंने बताया कि संतबलि का फोन शाम लगभग साढ़े सात बजे आया था। कह रहा था कुछ लोगों ने उसे अबूजर भट्ठे के पास घेर रखा है आप मेरी मदद के लिए चले आइए। मैं तुरंत अपने रिश्तेदार को मौके पर भेजा तो पता चला कि छह लोग उससे नोंकझोंक कर रहे थे। रिश्तेदार ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराकर घर चले गए। सुबह उनके बेटे का शव बरामद हुआ है। थाना प्रभारी बृजेंद्र पटेल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। दो नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ तहरीर मिली है। जांच-पड़ताल की जा रही है।