दीपों से जगमग हुआ सरयू का तट, घर-घर भी जले दीप
सतरंगी पटाखों ने आसमान में बिखेरी छटा दीपदान को आगे आए लोग
संसू, बहराइच : शताब्दियों से अयोध्या में राम मंदिर की प्रतीक्षा कर रहे लोगों का इंतजार बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भूमिपूजन के साथ समाप्त हो गया। इस शुभ घड़ी पर शहर के पश्चिम दिशा में बह रही सरयू का तट दीपों से जगमग हो उठा तो दीपदान से घर-घर उजियारा फैला। मरीमाता मंदिर का परिसर जयश्रीराम के उद्घोष से गुंजायमान रहा तो सतरंगी पटाखों ने आसमान पर बिखेरी छटा से लोग अभिभूत हुए।
भूमिपूजन के चिर प्रतीक्षित अवसर पर प्रतिभा संरक्षण इकाई की ओर से मरीमाता मंदिर के पास बह रही सरयू तट पर दोपोत्सव का कार्यक्रम आयोजित किया गया। शारीरिक दूरी कर पालन करते हुए इकाई के कार्यकर्ताओं ने 500 दीप प्रज्वलित किए। इकाई के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.देवेंद्र उपाध्याय ने कहा कि आज का दिन राम के अयोध्या आगमन सरीखी है। जब भगवान राम वनवास से अयोध्या लौटे थे, वैसा ही उल्लास आज जिले भर में है। प्रदेश संरक्षक घनश्याम वाजपेयी, विकास जायसवाल, ध्रुव मिश्र, अमित शुक्ल, एकता जायसवाल, डॉ.अनंतराम, प्रमोद ¨सह, आदर्श शुक्ल मौजूद रहे। शहर के ब्राह्मणीपुरा में भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण के अवसर पर सनातन परंपरा को दर्शाते हुए रंगोली बनाई गई। ज्योति, अनामिका, श्रेया ने बताया कि आज का दिन उन लोगों के लिए खास है। जरवल में भी दीपोत्सव का कार्यक्रम आयोजित हुआ। प्रमोद गुप्त, कौशल किशोर, मनीष गुप्त, विजय गुप्त ने कहा कि यह खुशी का दिन है। फखरपुर में भाजयुमो के श्यामजी त्रिपाठी, सुभाष दीक्षित ने गोला-पटाखा दागकर खुशी का इजहार किया। शहर से लेकर गांव तक घरों में दीपक जलाकर भगवान श्रीराम के प्रति आस्था प्रकट की गई।