कजरी तीज पर शिवमंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब
बहराइच : बुधवार को कजरी तीज पर्व पर पूरा जिला शिवमय रहा। आसमान पर छाए बादल के बीच भादा
बहराइच : बुधवार को कजरी तीज पर्व पर पूरा जिला शिवमय रहा। आसमान पर छाए बादल के बीच भादों की पछुआ बयार के बीच भोर होते ही शिव मंदिरों में बम भोले की जय-जयकार होने लगी। जलाभिषेक के लिए कतारें लग गई। हर-हर महादेव के जयकारों के साथ शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए आस्था का सैलाब दिन भर उमड़ता रहा। शहर में कजरी तीज के मौके पर निकला जुलूस लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। पर्व पर सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन की ओर से कड़े इंतजाम किए गए थे।
कांवड़ियों का हुजूम सुबह से ही गोलवाघाट स्थित मरीमाता मंदिर परिसर में उमड़ने लगा था। सुबह नौ बजे महाकाल के पूजन-अर्चन के बाद सरयू नदी से जलभर कर कांवड़ियों का हुजूम बोल बम के जयकारे लगाते हुए सिद्धनाथ मंदिर के लिए निकला। केडीसी, डीएम तिराहा, नगर पालिका, पीपल चौराहा से घंटाघर होते हुए कांवड़ियों ने सिद्धनाथ मंदिर पहुंच कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मंदिर में दिन भर दूर दराज से आए श्रद्धालओं द्वारा जलाभिषेक का सिलसिला चलता रहा। महामंडलेश्वर रवि गिरी जी महाराज ने श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया। शहर के मरीमाता स्थित शिवमंदिर, संहारिणी माता मंदिर, समेत अन्य मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ रही। पांडवकालीन बागेश्वरनाथ मंदिर पयागपुर में भाजपा विधायक सुभाष त्रिपाठी ने जलाभिषेक किया। महसी संवादसूत्र के अनुसार क्षेत्र के राजा रेहुआ के सागरनाथ शिवमंदिर, बभनौटी शंकरपुर के पारसनाथ रमपुरवा का शिवमंदिर समेत जैतापुर, महराजगंज, राजीचौराहा, महसी, भगवानपुर, गंगापुरवारवा समेत आसपास के गांव के शिवमंदिर में जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। नवाबगंज संवादसूत्र के अनुसार मंगलीनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता रहा। राप्ती नदी से जल भरकर कांवड़ियों व श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। जवाबी कीर्तन का भी आयोजन किया गया। पयागपुर संवादसूत्र के अनुसार बागेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों का सैलाब उमड़ता रहा। इस दौरान भाजपा विधायक के अलावा निशंक त्रिपाठी व अन्य कार्यकर्ताओं की ओर से सेवा शिविर लगाया गया। पंचायती मंदिर, पत्थर शिवाला, सोमनाथ व झारखंडी मंदिर में भी जलाभिषेक किया गया। इसके अलावा मटेरा के जंगलीनाथ, फखरपुर, गजाधरपुर, विशेश्वरगंज, नानपारा, मिहीपुरवा के शिव मंदिरों में भी जलाभिषेक देर शाम तक चलता रहा।