संदिग्ध परिस्थितियों में चारपाई पर पड़ा मिला विवाहिता का शव
पति समेत तीन के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज संसू बौंडी(बहराइच) बौंडी थाना क्षेत्र के रेहुआ के बढ़ईनपुरवा चुनहा में विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में चारपाई पर पड़ा मिला। बड़ेर से साड़ी का फंदा भी लटकता पाया गया। मृतका के पिता की तहरीर पर पति सास व ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
बहराइच : बौंडी थाना क्षेत्र के रेहुआ के बढ़ईनपुरवा चुनहा में विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में चारपाई पर पड़ा मिला। बड़ेर से साड़ी का फंदा भी लटकता पाया गया। मृतका के पिता की तहरीर पर पति, सास व ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
बढ़ईनपुरवा चुनहा निवासी लल्लन ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री पुष्पा (18) का विवाह तीन माह पहले हरदी थाना क्षेत्र के बैकुंठा के माधवपुरवा निवासी उमेश पुत्र राममिलन के साथ किया था। उन्होंने बताया कि अभी बेटी का गौना भी नहीं गया था। रक्षाबंधन के दिन उसका पति ससुराल आया। मृतका के मायके लोग अपने-अपने रिश्तेदारियों में चले गए। घर में सिर्फ छोटे-छोटे बच्चे ही थे। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी ग्रामीण रवींद्र कुमार सिंह, सीओ महसी शंकर प्रसाद, एसओ ब्रह्मानंद सिंह मौके पर पहुंच गए। एसओ ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर पति उमेश, ससुर राममिलन व सास के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच-पड़ताल की जा रही है।