अखिलेश को रोके जाने पर सपाइयों ने किया हाईवे जाम
जासं, बहराइच: मंगलवार को सपा सुप्रीमों व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को लखनऊ एयरपोर्ट पर रो
जासं, बहराइच: मंगलवार को सपा सुप्रीमों व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को लखनऊ एयरपोर्ट पर रोके जाने से आक्रोशित सपाइयों ने बहराइच- लखनऊ हाईवे जाम कर दिया। कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर सरकार विरोधी नारे लगाए। सपाइयों ने इस रवैए को अलोकतांत्रिक व सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया। बड़ी संख्या में सपाइयों के हाईवे पर डटे रहने से आवागमन पूरी तरह से ठप रहा। जाम में एंबुलेंस से लेकर स्कूली छात्र-छात्राएं भी फंसे रहे। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौपा। इसके बाद जाम समाप्त हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्र संघ शपथ समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। लखनऊ एयरपोर्ट पर रोके जाने की खबर जिले में पहुंचते ही बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता जिला मुख्यालय स्थित पार्टी कार्यालय पर एकत्र हो गए। सपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मी नरायन यादव के नेतृत्व में सपाई कलेक्ट्रेट पहुंच गए। कलेक्ट्रेट के सामने धरना देकर बहराइच-लखनऊ हाईवे को जाम कर दिया। देखते-देखते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया। सरकार विरोधी नारेबाजी व जाम की खबर पाकर पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। धरने पर बैठे सपाइयों को हटाने के लिए मान मनौव्वल करते रहे। एक घंटे बाद सपाई हाईवे से हटे। जाम के चलते मरीज को लेकर जिला अस्पताल आ रही एक एंबुलेंस भी फंसी रही। स्कूल से घर लौट रहे छात्र-छात्राएं भी जाम से परेशान रहे। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार दमनकारी नीति अपनाए हुए है। राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री के साथ किए गए बर्ताव से सपाई आहत हैं। इस मौके पर पूर्व विधायक शब्बीर अहमद, जफरउल्ला खां बंटी,देवेश चंद्र मिश्रा, नंदेश्वर नंद यादव व रामू यादव समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।