कोर्ट के आदेश पर सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज
संसू बलहा(बहराइच) रिश्तेदारी से वापस घर जा रही युवती से रास्ते में सामूहिक दुष्कर्म किय
संसू, बलहा(बहराइच) : रिश्तेदारी से वापस घर जा रही युवती से रास्ते में सामूहिक दुष्कर्म किया गया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एक माह बाद सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
नानपारा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती 18 जनवरी को सुबह अपनी रिश्तेदारी में गई थी। उसी दिन शाम को लगभग साढ़े पांच बजे वापस घर लौट रही थी। भवनियापुर गांव के पास बस से उतरकर वह पैदल ही गांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान रुपईडीहा थाना क्षेत्र के करीम गांव के मसीउल्लाह समेत दो लोग युवती को गन्ने के खेत में पकड़ ले गए। जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद मौके से भाग गए। थाने में पीड़िता ने तहरीर दी। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बहाने मुकदमा न दर्ज कर मामले को टरका दिया। पीड़िता ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। नानपारा कोतवाल मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल की जा रही है।