गृहस्थी का सामान बटोर रहे कटान के मुहाने पर बसे ग्रामीण
पहाड़ों पर हो रही बारिश के चलते घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। घाघराघाट स्थित एल्गिन ब्रिज पर नदी लाल निशान से ऊपर पहुंच गई है। बाढ़ के खतरे को देखते हुए कटान के मुहाने पर आए तकरीबन तीस घरों के लोग गृहस्थी का सामान बटोर कर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं। ग्रामीण खुद के आशियाने पर हथौड़ा चला रहे हैं।
जागरण टीम, बहराइच : पहाड़ों पर हो रही बारिश के चलते घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। घाघराघाट स्थित एल्गिन ब्रिज पर नदी लाल निशान से ऊपर पहुंच गई है। बाढ़ के खतरे को देखते हुए कटान के मुहाने पर आए तकरीबन तीस घरों के लोग गृहस्थी का सामान बटोर कर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं। ग्रामीण खुद के आशियाने पर हथौड़ा चला रहे हैं।
जरवलरोड : घाघरा घाट स्थित एल्गिन ब्रिज पर नदी का जलस्तर 106.226 मीटर रिकार्ड किया गया। यहां नदी खतरे के निशान से पांच सेमी ऊपर बह रही है। बाढ़ की संभावना को देखते हुए तटवर्ती इलाकों में बसे गांवों के लोग दहशतजदा हैं। महसी : महसी तहसील के घूरदेवी स्थित स्पर पर नदी का जलस्तर 110.950 मीटर रिकार्ड किया गया। निचले क्षेत्र में बसे पचदेवरी, माझादरिया, चुरईपुरवा, नकाही, मैकूपुरवा, गलकारा, जंगलपुरवा तिकुरी, कायमपुर, जुगुलपुरवा, तारापुरवा, पिपरी गोड़ियनपुरवा, पिपरा, जरमापुर, खरखट्टनपुरवा समेत 30 गांवों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। किसानगंज के कोढ़वा गांव के गोविद प्रसाद, जगदंबिका प्रसाद व विजय कुमार गृहस्थी का सामान बटोरकर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं। ग्रामीण आशियाने उजाड़कर ईंटों को भी सहेजने में जुट गए हैं। तहसीलदार राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि बाढ़ व कटान की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। गजाधरपुर : कैसरगंज तहसील क्षेत्र के तकरीबन 24 गांवों पर भी बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।कटान के मुहाने पर आए गुलाबपुरवा के गुलाब,भिरगू पुरवा के राजा, गोपीचंद, ज्ञानचंद समेत 27 लोग गृहस्थी का सामान सहेज कर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं।