यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 10, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार व सेप्टीसीमिया से दो बच्चों की मौत, तीन रेफर
बहराइच : तराई के तापमान में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के चलते बुखार का कहर थम नहीं

बहराइच : तराई के तापमान में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के चलते बुखार का कहर थम नहीं रहा है। जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए बुखार व सेप्टीसीमिया से पीड़ित दो बच्चों की गुरुवार को मौत हो गई। जिला अस्पताल में 19 और बच्चों को संक्रामक बीमारियों की चपेट में आने पर भर्ती कराया गया है। इनमें तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
पयागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम शिवदहा निवासी सचिन कुमार (4) पुत्र अनिल कुमार कई दिनों से तेज बुखार से पीड़ित चल रहे थे। बुधवार को देर शाम उसकी हालत गंभीर हो गई। प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान अपराह्न पौने तीन बजे उसकी मौत हो गई। हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर की रहने वाली दो माह की दिव्या पुत्री पुजारी प्रसाद को भी भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे पीआईसीयू में रखा गया था। हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन उसे लखनऊ नहीं ले गए, जिससे उसकी भी मौत हो गई। विभिन्न बीमारियों से पीड़ित गुलफाम (2), शिवानी (3), मोहम्मद अजमुल्ला (3) की हालत गंभीर होने पर ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है।
