विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्रावस्ती से इलाज कराने बहराइच आए मरीज से चेकिंग के नाम वसूली, दो पुलिस कर्मी लाइन हाजिर

By Rajitram Nishad Edited By: Dharmendra Pandey
Published: Sat, 16 May 2026 06:47 PM (IST)

Bahraich Crime News: दो पुलिस कर्मी वाहन चेकिंग के नाम पर जबरन वसूली कर रहे थे।

एसपी ने आरोपित पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर किया

एसपी ने आरोपित पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर किया 

HighLights

  1. हरदी से मोहम्मद सलीम व पयागपुर से विमल श्रीवास्तव हुए लाइन हाजिर


  2. दोनों पुलिसकर्मियों ने कर रखा था शराब का सेवन, अब निलंबन की तैयारी


जागरण संवाददाता, बहराइच। श्रावस्ती से इलाज कराने बहराइच आए मरीज से स्टेशन रोड पर दो पुलिस कर्मी वाहन चेकिंग के नाम पर जबरन वसूली कर रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों ने शराब भी पी रखी थी।

स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी। इसके बाद दोनों को पकड़कर थाने लाया गया, जहां से उन्हें चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। एसपी ने आरोपित पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर किया है और इनके निलंबन की कार्रवाई शुरू कराई है।

श्रावस्ती जिले के सोनवा इलाके के दिकौली के संतोष कुमार स्टेशन रोड पर डॉ.श्याम गंभीर की क्लीनिक पर इलाज के लिए आए थे। आरोप है कि इस दौरान सिपाही मोहम्मद सलीम व विमल श्रीवास्तव ने उन्हें चेकिंग का हवाला देकर रोक लिया और जबरन उनसे वसूली करना चाहा। पुलिस कर्मी नशे में भी थे। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी एसपी को दी। इसके बाद सूचना क्षेत्र का थाने को दी गई।

जानकारी के बाद दरगाह एसओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपित पुलिस कर्मियों को लेकर थाने लेकर आए। लिखा-पढ़ी के बाद दोनों को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। एसओ ने बताया कि मोहम्मद सलीम हरदी थाने में तैनात था, जहां से उसे लाइन हाजिर किया गया था।

इसी तरह विमल को भी पयागपुर थाने में तैनाती के दौरान लाइन हाजिर किया गया था। एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। दोनों सिपाहियों के निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने कहा कि कानून व्यवस्था का मजाक बनाने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वह पुलिस कर्मी ही क्यों न हो।