विवाहिता की हत्या कर ससुरालीजन घर से फरार
बहराइच) : रविवार को थाना रिसिया क्षेत्र के पूरे अलस्त खां गांव में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर
बहराइच) : रविवार को थाना रिसिया क्षेत्र के पूरे अलस्त खां गांव में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद ससुरालीजन घर से सामान बटोर कर फरार हो गए। घर का दरवाजा खुला देखकर पड़ोसी जब अंदर पहुंचे तो देखा महिला चारपाई पर मृत पड़ी थी। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर शव को कब्जे में ले लिया। पंचनामा कराकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। मृतका के चाचा की तहरीर पर पति, सास व ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
थाना रिसिया क्षेत्र के पूरे अलस्त खां गांव निवासी भोंदू पुत्र इस्माइल की शादी एक वर्ष पूर्व मंसूरगंज डिहवा निवासी शकीरा पुत्री नादिर से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही दहेज के लिए उसे ससुरालीजन प्रताड़ित करने लगे। मृतका के चाचा कादिर खां पुत्र नायब खां ने बताया कि दहेज के लिए उसकी भतीजी की हत्या कर ससुराल के लोग घर छोड़कर फरार हो गए। दहेज में ससुराल वाले नकद रुपये की मांग कर रहे थे, जबकि उनकी सभी मांगों को विवाह के दौरान ही पूरा कर दिया गया था। थानाध्यक्ष मंजू पांडेय ने बताया कि मृतका के चाचा की तहरीर पर पति भोंदू, ससुर इस्माइल व सास जमीरूल के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।