विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 19, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बुखार से एक और मौत, कई भर्ती

By Edited By:
Published: Sat, 19 Oct 2013 10:47 PM (IST)Updated: Sat, 19 Oct 2013 10:48 PM (IST)

News Article Hero Image

जागरण कार्यालय, बहराइच : जिले में संदिग्ध दिमागी बुखार व डेंगू का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। दिनोंदिन इससे पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। जिला चिकित्सालय के आंकड़े भी बदल रहे हैं। उपचार के लिए भर्ती एक मरीज की जिला चिकित्सालय में मौत हो गयी। डेंगू से पीड़ित दो नए मरीज चिकित्सालय के डेंगू वार्ड में भर्ती किए गए हैं। निर्देशों के बावजूद भी अभी तक गांवों की साफ-सफाई और फागिंग का कार्य नहीं शुरू हो सका है।

जिला चिकित्सालय में शनिवार को बौंडी थाना क्षेत्र के रामघाट निवासी राम गोपाल(35)पुत्र राम चंदर की संदिग्ध दिमागी बुखार से इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने तेज बुखार और झटके आने पर शुक्रवार को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था। हुजूरपुर निवासी राधा तिवारी, पयागपुर निवासी कोमल मिश्रा खैरीघाट थाना क्षेत्र के मांझा गांव निवासी गीता(30) पत्‍‌नी श्री किशन समेत दर्जनों मरीज संदिग्ध दिमागी बुखार के कारण जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। उधर चिकित्सालय के डेंगू वार्ड में थाना बौंडी क्षेत्र के राजा बौंडी निवासी आदित्य पाठक(42) पुत्र सरजू प्रसाद तथा इसी थाना क्षेत्र के बौंडी गांव निवासी उत्तम कुमार पाण्डेय(21) पुत्र रामेश्वरी पाण्डेय की जांच में डेंगू की पुष्टि होने के कारण डेंगू वार्ड में भर्ती किया गया है। प्रशासन ने एईएस (एक्यूट इंसेफ्लाइटिस सिंड्रोम) प्रभावित गांवों को चिह्नित किया है। उन गांवों में साफ-सफाई और फागिंग के निर्देश दिए गए हैं। सुअरबाड़ों में भी फागिंग कराने को कहा गया है। बैठकों के बाद भी यह कार्य अभी तक प्रभावी ढंग से शुरू नहीं हो सका है। सीएमएस डॉ.माहेश्वरी पांडेय ने बताया कि जिला चिकित्सालय में भर्ती संदिग्ध दिमागी बुखार व डेंगू के मरीजों का समुचित उपचार किया जा रहा है। सीएमओ डॉ.उमाकांत वर्मा ने बताया कि जिला पंचायत राज अधिकारी के साथ हुई बैठक में गांवों में साफ-सफाई व दवाओं के छिड़काव के लिए कार्ययोजना बनाई गई है। जल्द ही यह कार्य शुरू होगा।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर