फंदे से लटकता मिला युवक व महिला का शव
दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज जांच-पड़ताल कर रही पुलिस
संसू, बौंडी/जरवलरोड(बहराइच) : बौंडी व जरवलरोड थाना क्षेत्र में महिला व युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता पाया गया। महिला के परिवारजनों की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू की है।
बौंडी थाने के एसआई राजेंद्र कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के कनेरा ग्राम पंचायत के गनेसीदासपुरवा निवासी रवि पुत्र राजकुमार का विवाह दो वर्ष पूर्व देहात कोतवाली क्षेत्र के चेतरा के कैलाश की बेटी तारा से हुआ था। रविवार की रात 22 वर्षीय तारा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में छत के कुंडे में दुपट्टा के फंदे से लटकता पाया गया। मृतका की मां मुन्नी देवी की तहरीर पर पति रवि, सास विदेश्वरी, ससुर राजकुमार व देवर पप्पू के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। जरवलरोड थाना क्षेत्र के आदमपुर निवासी संदीप (20) पुत्र विनोद यादव का शव गांव के बाहर खेत में लगे बबूल के पेड़ पर फंदे से लटकता पाया गया। परिवारजनों की माने तो वह देर शाम घर से मक्का की फसल देखने की बात कहकर घर से निकला था। काफी देर तक जब वह वापस नहीं आया तो परिवारजनों ने तलाश की। इसके बाद उसका शव गांव के बाहर फंदे से लटका पाया गया। एसओ हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।