छह डिग्री लुढ़का पारा, बढ़ी गलन, छाई रही धुंध
बहराइच तराई में एक बार फिर पारा छह डिग्री लुढ़क गया। पछुआ हवा चलने से गलन से लोग ब
बहराइच : तराई में एक बार फिर पारा छह डिग्री लुढ़क गया। पछुआ हवा चलने से गलन से लोग बेहाल रहे। दिनभर सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए। सुबह कोहरा व दोपहर में धुंध के चलते दृश्यता कम रहने से वाहनों की रफ्तार पर असर पड़ा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि 24 घंटे में मौसम में परिवर्तन होगा। कुछ देर के लिए धूप निकलेगी। हालांकि न्यूनतम पारा पांच डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहेगा।
पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी से तराई में कड़ाके की ठंड जारी है। मौसम का मिजाज बदलने से दिन का अधिकतम पारा चार डिग्री लुढ़क कर 14 पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रहा। नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम पर्यवेक्षक शंखमाधव तिवारी ने बताया कि मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। चार से पांच किलोमीटर प्रति घंटे से पछुआ हवाएं चलेंगी। शीतलहर चलने से शाम होते ही गलन बढ़ रही है। 25 जनवरी के बाद गलन से राहत मिलेगी। ------------------
फसलों की करते रहें निगरानी
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एमवी सिंह ने बताया कि मौसम परिवर्तन का असर रबी फसलों पर भी देखा जा रहा है। किसान खेतों को निरीक्षण करते रहें। गेहूं की पत्तियां पीली होने पर तत्काल कृषि वैज्ञानिकों से संपर्क कर जरूरी कदम उठाएं। फसलों में माहू कीट व झुलसा रोग लगने की संभावना बढ़ गई है। फसल की बढ़वार पर भी इसका असर पड़ेगा। कीट लगने व खरपतवार से निजात के लिए दवाओं का छिड़काव करें।
तापमान पर एक नजर
दिन न्यूनतम अधिकतम
सोमवार 10 21
मंगलवार 12 21
बुधवार 09 20
गुरुवार 05 14