सीएम युवा उद्यमी योजना: ट्रैक्टर पर मिलेगा ब्याज मुक्त लोन, लाभार्थियों को मिलेगी 10 प्रतिशत सब्सिडी
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत युवाओं को ट्रैक्टर आधारित मिनी मसाला मिल और आटा-चक्की के लिए ब्याज मुक्त लोन मिलेगा।

HighLights
युवाओं को ट्रैक्टर आधारित मिनी मसाला मिल के लिए लोन।
5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त लोन, बिना गारंटी।
लाभार्थियों को 10 प्रतिशत वित्तीय सब्सिडी (50 हजार रुपये)।
जागरण संवाददाता, बहराइच। युवाओं को आत्मनिर्भर और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सरकार द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत महत्वाकांक्षी योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत युवाओं को ट्रैक्टर आधारित मिनी मसाला मिल, आटा-चक्की एवं ट्राली का लाभ मिलेगा।
युवाओं को अपना खुद का व्यवसाय शुरू करने के लिए पांच लाख रुपये तक का लोन बिना किसी गारंटी के और 100 प्रतिशत ब्याज मुक्त उपलब्ध कराया जा रहा है।
कुल पांच लाख रुपये की परियोजना राशि में 4,95,000 टर्म लोन (4,05,000 का ट्रैक्टर, 90000 की चक्की) के रूप में और पांच वर्किंग कैपिटल (सीसी) के तौर पर स्वीकृत किए जाएंगे।
इसके साथ ही सरकार द्वारा लाभार्थियों को 10 प्रतिशत की वित्तीय सब्सिडी (यानी 50 हजार रुपये की सीधी छूट) भी दी जाएगी। आवेदक को 10 प्रतिशत 50 हजार रुपये स्वयं के अंशदान के रूप में दिया जाएगा।
आवेदक द्वारा आनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ फोटो और अन्य जरूरी अभिलेख के साथ प्रोजेक्ट रिपोर्ट और डीलर/विक्रेता का कोटेशन देना होगा। आठवीं पास 21 से 40 वर्ष के लोगों को ही लाभ मिलेगा।
डीएम ने एनआरएलएम, कृषि, उद्यान, पंचायती राज, ग्रामोद्योग, बीडीओ, सभी बैंकर्स, नाबार्ड आदि को 50-50 आवेदन का लक्ष्य सौंपा है और पोर्टल पर आवेदन कराने को निर्देशित किया है। अन्य जानकारी के लिए उद्योग विभाग के कार्यालय में संपर्क करना होगा।
योजना के तहत ट्रैक्टर व इससे जुड़ी अन्य मशीनरी बैंक से ऋण उपलब्ध कराकर दी जाएगी। 10 फीसद सब्सिडी मिलेगी। लाभार्थी को महिंद्रा और स्वराज कंपनी के ट्रैक्टर मिलेंगे।
-केशव राम वर्मा, उपायुक्त उद्योग।
यह भी पढ़ें- सीएम युवा उद्यमी योजना: पांच लाख से कारोबार शुरू कर आत्मनिर्भर बने सार्थक, दो युवाओं को दिया रोजगार
यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना से 9 हजार से अधिक महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर, 671 करोड़ से मिला रोजगार को बढ़ावा
