भगवान राम के जन्म की कथा सुन झूमे श्रोता
-भूपगंज बाजार में गायत्री महायज्ञ और रामकथा का आयोजन चित्र- 1
संसू, पयागपुर (बहराइच) : भूपगंज बाजार के रामलीला मैदान पर गायत्री महायज्ञ और रामकथा से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। तीसरे दिन कथा में रामजन्म होते ही परिसर में लोग खुशी से झूम उठे। गायत्री नवचेतना विस्तार केंद्र के तत्वाधान में नौ कुंडीय यज्ञ और रामकथा का आयोजन चल रहा है। सुबह विभिन्न प्रकार के संस्कारों के लिए लोगों का जमावड़ा होता है तो सायंकाल रामकथा में भक्तों की भीड़ जुट रही है।
ख्याति प्राप्त कथावाचक भारत प्रसाद शुक्ल ने रामजन्म की कथा को सुनाते हुए जैसे ही भए प्रगट कृपाला दीन दयाला की स्तुति शुरू की तो पूरे परिसर में पुष्पों की वर्षा होने लगी। भक्तों ने गोले-तमाशे झुड़ाए। इस अवसर पर संगीतकारो की टोली ने अवध के आंगन में आज बज रही बधाई और प्यारा लगे, सबसे न्यारा लगे, दशरथ राज दुलारा हमें.. जैसे बधाई गीतों से परिसर में उल्लास छा गया। आयोजन में ज्ञानप्रकाश शुक्ल, मालिकराम शर्मा, अनुराग कश्यप, मैनबहादुर सिंह आदि सक्रिय हैं।