विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बहराइच में पुलिस मुठभेड़ में गोतस्कर के पैर में लगी गोली, तीन गिरफ्तार

Published: Mon, 28 Sep 2026 03:20 PM (IST)

बहराइच के मोतीपुर इलाके में पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक गोतस्कर के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।

HighLights

  1. मोतीपुर में पुलिस-गोतस्कर मुठभेड़, एक गोतस्कर घायल, तीन गिरफ्तार।

  2. जवाबी फायरिंग में गोतस्कर सोनू के पैर में लगी गोली।

  3. गिरफ्तार गोतस्करों से हथियार, चोरी की बाइक और नकदी बरामद।

जागरण संवाददाता, बहराइच। मोतीपुर इलाके के जोगनिया बैराज मार्ग के पास पुलिस व गोतस्करों में मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में एक गोतस्कर के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।

पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर मौके से घायल समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गये गोतस्कर के खिलाफ जिले के कई थाना व कोतवाली में मुकदमे भी दर्ज हैं।

एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मोतीपुर इलाके के शाहपुर कला गांव निवासी विजय बहादुर सिंह के घर से 24 सितंबर को गोवंश चोरी कर उसका वध कर दिया गया था। अवशेष बरामद होने के बाद मामले को गंभीरता से लेकर प्रकरण का खुलासा करने के तीन टीमों का गठन किया था।

सभी टीमों का नेतृत्व एएसपी ग्रामीण डीपी तिवारी कर रहे थे। रविवार रात मोतीपुर इलाके में गोतस्करों के मौजूद होने की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष ब्रह्मा गौंड ने लौकाही से जोगनिया बैराज मार्ग पर पास सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान देर रात एक बाइक पर तीन लोग आते हुए दिखे।

पुलिस टीम को देखते ही उन्होने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में गोतस्कर सोनू पुत्र मुल्ला निवासी बालापुर थाना रुपईडीहा के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर घायल समेत शहजाद उर्फ कलूटे निवासी उचवा बालापुर रुपईडीहा व सोनू पुत्र भुसैली निवासी खैरी शाहपुर खुर्द थाना मोतीपुर को मौके से गिरफ्तार किया।

आरोपितों में शामिल घायल सोनू के खिलाफ जिले के कई थानों में गोकशी समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। सीओ पहुप सिंह ने बताया कि आरोपितों के पास एक तमंचा, कारतूस, 1940 रुपये नगदी, एक चोरी की बाइक, तराजू ,बाट , मांस काटने वाला लकड़ी का ठीहा व तीन बडा चाकू बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपितों ने शाहपुर कला गांव से गोवंश चोरी कर उनका मांस बेचने की बात स्वीकार की है।