विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में 100 अंकों की प्रश्नावली से होगा पंचायतों का मूल्यांकन, रैंक के अनुसार मिलेगा इनाम

Published: Sun, 13 Sep 2026 04:00 PM (IST)

बहराइच में मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए 170 ग्राम पंचायतों ने आवेदन किया है। इन पंचायतों का मूल्यांकन 100 अंकों की प्रश्नावली और स्थलीय सत्यापन के आधार पर होगा।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए प्रक्रिया तेज हुई।

  2. 170 ग्राम पंचायतों ने पुरस्कार हेतु ऑनलाइन आवेदन किया।

  3. 100 अंकों की प्रश्नावली पर होगा पंचायतों का मूल्यांकन।

जागरण संवाददाता, बहराइच। उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार की प्रक्रिया तेज हो गई है। जिले की 1043 ग्राम पंचायतों में से 170 पंचायतों ने ऑनलाइन आवेदन कर पुरस्कार के लिए दावेदारी की है। पंचायतों के दावों और प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

जिला स्तर पर आवेदक पंचायतों का डाटा फ्रीज कर दिया गया है। जिला परफार्मेंस असेसमेंट कमेटी की ओर से आनलाइन उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों और पंचायतों के दावों का परीक्षण किया जा रहा है। इसके बाद पात्र पंचायतों का स्थलीय सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन में दावे सही पाए जाने पर पात्र पंचायतों की सूची राज्य समिति को भेजी जाएगी।

पंचायतों का मूल्यांकन 100 अंकों की प्रश्नावली के आधार पर होगा। इसमें गरीबी मुक्त एवं उन्नत आजीविका, स्वस्थ एवं स्वच्छ गांव, जल प्रबंधन, ओडीएफ, बाल एवं महिला अनुकूल पंचायत तथा आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा समेत विभिन्न बिंदु शामिल हैं। बेहतर प्रदर्शन करने वाली पंचायतों को पुरस्कार के लिए चयनित किया जाएगा।

रैंक के अनुसार मिलेगी प्रोत्साहन राशि

राज्य स्तर पर चयनित पंचायतों को रैंक के अनुसार प्रोत्साहन राशि मिलेगी। प्रथम स्थान वाली पंचायत को 35 लाख, द्वितीय को 32.50 लाख, तृतीय को 30 लाख, चतुर्थ को 25 लाख और पांचवें स्थान वाली पंचायत को 20 लाख रुपये दिए जाएंगे। चयनित पंचायतों को ट्राफी और प्रशस्ति पत्र भी मिलेगा।

जिला स्तरीय जांच और स्थलीय सत्यापन के बाद पात्र पंचायतों के प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे। आवेदनों की जांच की जा रही है। रैंक के आधार पर पंचायतें पुरस्कृत होंगी। -चंद्रभान सिंह, डीपीआरओ।