बहराइच के पंचायत सहायकों को शासन का बड़ा तोहफा, 6 हजार से बढ़कर 9000 हुआ मानदेय
शासन ने पंचायत सहायकों को बड़ी राहत देते हुए उनका मासिक मानदेय 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये कर ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
पंचायत सहायकों का मासिक मानदेय 6 हजार से 9 हजार हुआ।
बहराइच के 995 पंचायत सहायकों को सीधा लाभ मिलेगा।
बढ़े मानदेय पर अब हर माह 89.55 लाख रुपये खर्च होंगे।
जागरण संवाददाता, बहराइच। गांव की सरकार और ग्रामीणों के बीच सेतु की भूमिका निभाने वाले पंचायत सहायकों के लिए शासन ने बड़ी राहत दी है। लंबे समय से छह हजार रुपये मासिक मानदेय पर काम कर रहे पंचायत सहायकों का मानदेय अब तीन हजार रुपये बढ़ा दिया गया है। शासन के आदेश के बाद अब उन्हें नौ हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा।
मानदेय बढ़ने से जिले के 995 पंचायत सहायकों को सीधा लाभ मिलेगा। पंचायत सहायकों की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों में योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने से लेकर पंचायत स्तर के विभिन्न कार्यों में सहयोग करने की है। जिले में कुल 1043 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें 995 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों की तैनाती है, जबकि 48 ग्राम पंचायतें अभी भी पंचायत सहायक विहीन हैं।
मानदेय में बढ़ोतरी के बाद जहां तैनात पंचायत सहायकों को आर्थिक राहत मिलेगी, वहीं 48 रिक्त ग्राम पंचायतों में तैनाती का इंतजार भी बना हुआ है। शासन के नए आदेश से पंचायत सहायकों के बीच उत्साह है।
मानदेय पर हर माह अब खर्च होंगे 89.55 लाख
पंचायकों के मानदेय पर अब हर माह 89 लाख 55 हजार रुपये खर्च होंगे। अभी तक 59.70 लाख रुपये मानदेय पर खर्च हो रहे थे। प्रति कर्मी तीन हजार रुपये की बढ़ोत्तरी से वित्तीय भार बढ़ा है। मानदेय का यह भुगतान वित्त आयोग की धनराशि ग्राम निधि और अन्य प्रशासनिक मद से किया जाएगा।
बढ़े मानदेय के संबंध में शासनादेश मिला है। 995 सेवारत कर्मियों को अब प्रति माह नौ हजार रुपये मिलेंगे। जो पंचायतें रिक्त हैं। वहां जल्द ही तैनाती की जाएगी। -चंद्रभान सिंह, डीपीआरओ।
