Bahraich News: चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जाल में फंसा तेंदुआ, पिंजरे में बंद कर ले गए वनकर्मी
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली इलाके के ग्राम पंचायत चफरिया बलिदानपुरवा गांव में शनिवार को तेंदुआ दिखाई पड़ने से ग्रामीण दहशतजदा हो गए। सूचना वन अधिकारियों को दी गई। लगभग चार घंटे तक रेस्क्यू कर वन कर्मियों ने तेंदुए को जाल में फंसाकर पकड़ लिया।
बहराइच, जागरण टीम: कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली इलाके के ग्राम पंचायत चफरिया बलिदानपुरवा गांव में शनिवार को तेंदुआ दिखाई पड़ने से ग्रामीण दहशतजदा हो गए। सूचना वन अधिकारियों को दी गई। लगभग चार घंटे तक रेस्क्यू कर वन कर्मियों ने तेंदुए को जाल में फंसाकर पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
बलिदानपुरवा गांव निवासी नबी अहमद व जलील के गन्ने के खेत के पास शनिवार को सुबह सात बजे गांव के कच्चे मार्ग पर तेंदुआ बैठा था। इस दौरान बाइक से जा रहे ग्रामीण रामनाथ पर तेंदुए ने हमला करने का प्रयास किया। जानकारी पर आसपास खेतों में मौजूद लोग भाग खड़े हुए। सूचना फैलते ही सैकड़ों की भीड़ एकत्रित हो गई। ग्रामीणों ने सूचना रेंज कार्यालय सुजौली दी।
उप प्रभागीय वनाधिकारी रमेश चौहान, वन क्षेत्राधिकारी सुजौली मनोज कश्यप, वन क्षेत्राधिकारी कतर्नियाघाट रामकुमार व थानाध्यक्ष सुजौली ब्रह्मा गौड़ भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की भीड़ बेकाबू होने पर पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाकर शांत किया। तेंदुए को पकड़ने के लिए रेस्क्यू के दौरान डब्ल्यूटीआई की टीम व वन विभाग के पशु चिकित्सकों व डब्ल्यूडब्ल्यएफ की टीम भी पहुंची।
ड्रोन कैमरे के सहारे वनकर्मियों ने तेंदुए का लोकेशन लेकर, जाल से गन्ने के खेत की घेराबंदी कर चार घंटे उसे पकड़ लिया गया। पिंजरे में बंद कर तेंदुए को कतर्नियाघाट रेंज कार्यालय ले जाया गया।
इस दौरान मंसूर अली, अनिल, डाग हैंडलर अन्नू शुक्ल, हीरालाल यादव, अनूप, एस शंकर, बायोलाजिस्ट अली जिबरान, शाहबाज खान, एकता शेखावत, संजय सिंह, संतराम, शशिकांत आदि मौजूद रहे।