विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बहराइच में 18.55 करोड़ से बनेगा आधुनिक अग्निशमन केंद्र, आवासीय क्वार्टर भी मिलेगी सुविधा

Published: Mon, 07 Sep 2026 07:56 PM (IST)

बहराइच में 18.55 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक अग्निशमन केंद्र का निर्माण शुरू हो गया है, जिससे जर्जर भवन से निजात मिलेगी।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. बहराइच में 18.55 करोड़ से आधुनिक अग्निशमन केंद्र बनेगा।

  2. जर्जर भवन की जगह नया, सुरक्षित कार्यस्थल मिलेगा।

  3. आधुनिक गैराज, प्रशिक्षण केंद्र, आवासीय क्वार्टर होंगे।

जागरण संवाददाता, बहराइच। जर्जर अग्निशमन केंद्र के दिन अब बदलने वाले हैं। शासन ने 18.55 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अग्निशमन केंद्र के निर्माण को मंजूरी दी है। नए भवन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इससे अग्निशमन विभाग को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य का वातावरण मिल सकेगा।

शहर में गुरुद्वारा के पास अग्निशमन केंद्र स्थित है। पांच दशक पूर्व बने भवन की स्थिति काफी जर्जर हो गई है। इतना ही नहीं बारिश में भवन का प्लास्टर गिर रहा है। इसको देखते हुए जिला अग्निशमन अधिकारी ने शासन को पत्र लिखकर नए भवन के निर्माण की मांग की थी।

शासन की ओर से नए भवन निर्माण के लिए 18 करोड़ 50 लाख रुपये बजट की मंजूरी दे दी गई है। निर्माण कार्य विभाग की ओर से शुरू करवा दिया गया है। इसके लिए भवनों के नींव की खुदाई शुरू करवा दी गई है। अधिकारी के मुताबिक, नए अग्निशमन केंद्र के भूतल पर पांच बड़े दमकल वाहनों को खड़ा करने के लिए आधुनिक गैराज बनाया जाएगा।

दूसरी मंजिल पर कांफ्रेस हाल और अग्निशमन कर्मियों के प्रशिक्षण के लिए ट्रेनिंग सेंटर होगा। ऊपरी तल पर अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आवासीय क्वार्टर बनाए जाएंगे। इसके अलावा मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) और फायर स्टेशन अधिकारी (एफएसओ) के कार्यालय भी परिसर में होंगे।

इनके भी होंगे निर्माण

जिला अग्निशमन अधिकारी विशाला रामानुज गौड़ ने बताया कि परिसर में पेयजल की सुविधा के लिए आरओ प्लांट लगाया जाएगा। साथ ही इंटरलॉकिंग और टाइल्स आदि का काम कराया जाएगा। इससे अग्निशमन कर्मियों को एक ही परिसर में कार्यालय, प्रशिक्षण, आवास और वाहनों के रखरखाव जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज मंडल के रेलवे स्टेशनों पर मिलेंगी आधुनिक होटल जैसी सुविधाएं, मैनपुरी और शिकोहाबाद से होगी शुरूआत