बहराइच में 4.70 लाख किसानों को मिलेगी पीएम सम्मान निधि की 24वीं किस्त, डायरेक्ट खाते में जाएगा पैसा
बहराइच जिले के करीब 4.70 लाख किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त अक्टूबर अंत तक मिलने की ...और पढ़ें

4.70 लाख किसानों को मिलेगी पीएम सम्मान निधि की 24वीं किस्त।
HighLights
बहराइच के 4.70 लाख किसानों को मिलेगी 24वीं किस्त।
अक्टूबर अंत तक सीधे खातों में आएंगे 2000 रुपये।
केवाईसी और आधार लिंक किसान ही होंगे पात्र।
जागरण संवाददाता, बहराइच। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के करीब चार लाख 70 हजार किसानों को 24वीं किस्त मिलने की उम्मीद है। केंद्र सरकार की ओर से अक्टूबर माह के अंत तक किसानों के बैंक खातों में सम्मान निधि की राशि भेजे जाने की तैयारी है। इसे लेकर कृषि विभाग के अधिकारियों ने आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता केंद्र सरकार की ओर से दी जाती है। यह धनराशि दो-दो हजार रुपये की तीन किस्त में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। इससे किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी छोटी-मोटी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है। खाद, बीज और अन्य कृषि संसाधनों की खरीद में भी इस राशि का उपयोग किया जाता है।
जिले में इससे पहले जून माह में योजना की 23वीं किस्त जारी की गई थी। उस समय करीब चार लाख 66 हजार किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि भेजी गई थी। अब 24वीं किस्त के लिए लाभार्थियों की संख्या बढ़कर करीब चार लाख 70 हजार हो गई है।
कृषि विभाग की ओर से योजना के लाभार्थियों से संबंधित तैयारियां की जा रही हैं, ताकि पात्र किसानों को समय से धनराशि का लाभ मिल सके। 24वीं किस्त जारी होने की संभावित समय-सीमा नजदीक आने के साथ ही किसानों में उत्सुकता बढ़ गई है। किसान सम्मान निधि की राशि का इंतजार कर रहे हैं।
माह के अंत तक किसानों को उनके खाते में किसान सम्मान निधि राशि दो-दो हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। जिन किसानों के खाते की केवाईसी, आधार लिंक है, उन्हें ही इस योजना का लाभ मिलेगा। -विनय कुमार वर्मा, उप कृषि निदेशक।
