अब बुलंद होगा 'नशा भारत छोड़ो' का नारा
बहराइच : सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए अर्से से जिम्मेदारी निभा रहे गायत्री परिवा
बहराइच : सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए अर्से से जिम्मेदारी निभा रहे गायत्री परिवार ने युवाओं को खोखला कर रहे नशे की बढ़ती लत पर करारा प्रहार करने की योजना बनाई है। दो अक्टूबर को 'नशा भारत छोड़ो' आंदोलन का आगाज किया जाएगा। प्रभातफेरी निकालकर लोगों को नशा उन्मूलन के प्रति शुरू किए जाने वाले अभियान में सहभागिता की अपील की जाएगी। यह अभियान एक वर्ष तक हर माह चलाया जाएगा।
गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ के प्रांतीय प्रतिनिधि जयप्रकाश वर्मा ने बताया कि नशा लोगों के जीवन में जहर घोल रहा है। ज्यादातर दुर्घटनाएं नशा सेवन के बाद वाहन चलाने के दौरान हो रही हैं। परिवार में कलह भी हो रही है। लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां भी हो रही हैं। उन्होंने बताया कि इसके लिए अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से वृहद कार्ययोजना तैयार की गई है। दो अक्टूबर से अभियान का आगाज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले दिन व्यसन में भारत प्रभातफेरी, सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता कार्यक्रम, महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि के अलावा अन्य कार्यक्रम किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि युवाओं में नशा सेवन की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है। पान, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट व शराब के आदी होने के कारण इनका भविष्य भी अंधकारमय हो रहा है। इनसे छुटकारा दिलाने के लिए ही गायत्री परिवार ने यह पहल की है। जिले के सभी कस्बों व चौक-चौराहों पर नशा सेवन से होने वाली हानियों के बारे में जागरूकता अभियान चलेगा। इस अभियान के तहत हर माह एक कस्बे को चयनित किया गया है। एक वर्ष तक यह कार्यक्रम चलाया जाएगा।