अफजल हत्याकांड का खुलासा, दंपती ने की थी हत्या
संसूबहराइच/रिसियामोड़ चार दिन पूर्व रामगांव थाना क्षेत्र सुभानपुरवा टेपरहा गांव निवासी युवक की गला रेतकर हत्या के मामले का पुलिस ने राजफाश कर दिया। पुलिस ने इस मामले में गांव निवासी दंपती को गिरफ्तार किया है। छेड़खानी से आजिज होकर दंपती ने युवक की हत्या करने की बात कही है।
संसू,बहराइच/रिसियामोड़ : अफजल हत्याकांड का रविवार को पुलिस ने राजफाश कर दिया। पत्नी के साथ छेड़खानी करने से परेशान होकर दंपती ने मिलकर अफजल की हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। हत्यारोपित दंपती को गिरफ्तार कर जेल रवाना कर दिया गया।
एएसपी ग्रामीण रवींद्र सिंह ने बताया कि रामगांव थाना क्षेत्र के सुभानपुरवाटेपरहा के अफजल उर्फ मुखिया (19) पुत्र चींटी का चार दिन पहले गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। गंभीरवा पुलिस चौकी के सामने स्थित साधन सहकारी समिति के पीछे शव को फेंक दिया गया था। मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल की जा रही थी। जांच में रहीश खां पुत्र अकबर खा व पत्नी बंदरिया उर्फ रुबीना को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में बताया कि आए दिन उसकी पत्नी को अफजल छेड़ रहा था। पत्नी को फोन कराकर उसे गांव के बाहर बुलवाया। दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल भी बरामद कर लिया गया है। हत्याकांड खुलासे के लिए एसओ मुकेश सिंह ,एसआई गौरव सिंह, अखलाक अहमद,शिवा,मोहित,व्यास मुनि, अल्का की टीम लगाई गई थी।