कहासुनी में पत्नी पर किया हथियार से हमला
नालापार बस्ती में कहासुनी में पति ने पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया।
बागपत, जेएनएन। नालापार बस्ती में कहासुनी में पति ने पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर जख्मी किया। शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने महिला को बचाया।
ईदगाह के पास शकील परिवार के साथ रहता है। कई दिन से शकील का पत्नी संग झगड़ा चल रहा था। शुक्रवार की रात में विवाद बढ़ने पर पति ने पत्नी की पिटाई कर दी। फिर भी गुस्सा कम नहीं हुआ तो धारदार हथियार से हमला कर पत्नी को जख्मी किया। शोर सुनकर जब आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपित पत्नी को जान से मारने की धमकी देकर चला गया। कोतवाली पुलिस ने रात में ही महिला का इलाज कराया। शहनाज की तहरीर पर पुलिस ने शकील के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। महिला का आरोप था कि पति पहले भी जान से मारने का कई बार प्रयास कर चुका है। इंस्पेक्टर रवेंद्र कुमार ने जल्द आरोपित को गिरफ्तार करने की बात कही है। हलवाई हत्याकांड के आरोपित नहीं पकड़े
फिरोजपुर के हलवाई हत्याकांड में 30 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। इससे स्वजनों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश बना हुआ है।
27 नवंबर की रात हलवाई राजू पुत्र ओमवीर फिरोजपुर में शादी समारोह में कार्य कर लौट रहा था। रास्ते में ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर राजू की हत्या की गई थी। पुलिस की विफलता से नाराज स्वजनों ने पुलिस से घटना के जल्द राजफाश की मांग की है।
इंस्पेक्टर रवेंद्र कुमार का कहना है कि जांच चल रही है। जल्द आरोपित गिरफ्त में होंगे। चालक का चालान
रटौल के पास ईपीई पर कैंटर से कुचलकर पांच वर्षीय अरहान की मौत हो गई थी। बच्चे के पिता आलम पुत्र इकरामूद्दीन ने आरोपित चालक नूर हसन पुत्र अलीशेर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर चालान किया। मारपीट हुई
नालापार बस्ती में रुपयों के लेनदेन को संजय व मोहसील के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई। आसपास के लोगों ने बीच बचाव कराया लेकिन दोनों फिर झगड़े। दोनों को चोट ली तो एक दूसरे के खिलाफ पुलिस से शिकायत की।