विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बागपत में बरात चढ़त के समय हर्ष फायरिंग, गोली लगने से युवक घायल; गंभीर हालत में भर्ती

Published: Fri, 20 Feb 2026 08:38 AM (IST)

बागपत के रामनगर गांव में एक शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान एक बराती वंश गोली लगने से घायल ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। रामनगर गांव में शादी समारोह में चढ़त के समय हर्ष फायरिंग में एक बराती गोली लगने से घायल हो गया। इससे वहां पर भगदड़ मच गई। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया।

उसने डांस करते समय अचानक पीछे से पैर में गोली लगना बताया है। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना में लाइसेंसी असलहा का इस्तेमाल हुआ है, हालांकि घराती व बराती चुप्पी साधे हुए हैं। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगर निवासी महेश की पुत्री की गुरुवार को शादी थी। मेरठ जनपद के थाना किला परीक्षितगढ़ क्षेत्र के गांव ऐंची खुर्द से बरात आई थी।

दोपहर को चढ़त के दौरान बराती म्यूजिक सिस्टम पर गाने बजाकर डांस कर रहे थे। इसी बीच किसी ने हर्ष फायरिंग की। बराती वंश के पैर में अचानक गोली लग गई, वह जमीन पर गिर पड़ा और समारोह स्थल पर भगदड़ मच गई।

घायल युवक को आनन-फानन में बालैनी के देवभूमि नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

साथ ही नर्सिंग होम पहुंचकर घायल बराती वंश का बयान लिया। उसने पुलिस को बताया कि डांस करते समय अचानक पीछे से गोली लगी। किसने और किस हथियार से फायरिंग की, इसकी जानकारी उसे नहीं है।

हर्ष फायरिंग रोकने में पुलिस नाकाम

सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बावजूद पुलिस हर्ष फायरिंग रोकने में नाकाम है, यह पहली घटना नहीं है। पूर्व में दर्जनों स्थानों पर हर्ष फायरिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इनमें कई लोगों की जान भी जा चुकी है। लोगों का कहना है कि पुलिस की अनदेखी से हर्ष फायरिंग की घटनाएं हो रही हैं। ऐसा करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि शादी समारोह में चढ़त के समय लाइसेंसी असलहा से हर्ष फायर किया गया। गोली के छर्रे लगने से बराती वंश घायल हुआ है। हर्ष फायरिंग करने वाले को गिरफ्तार कर प्रयुक्त असलहा बरामद किया जाएगा।
-सूरज कुमार राय, एसपी।