अंडरपास में जलभराव, कई गांवों का रास्ता बाधित
संवाद सहयोगी, बड़ौत (बागपत) : दिल्ली-सहारनपुर रेलमार्ग पर बने अंडर पास में पानी भरने से कई
संवाद सहयोगी, बड़ौत (बागपत) : दिल्ली-सहारनपुर रेलमार्ग पर बने अंडर पास में पानी भरने से कई गांवों में जाने का रास्ता बाधित हो गया है।
दिल्ली वाया बड़ौत-सहारनपुर रेलमार्ग पर ग्राम असारा, बावली, बड़का और इदरीश में अंडरपास बने हुए हैं। दो दिन पूर्व हुई बारिश का पानी शनिवार को भी अंडरपास में कई फीट ऊंचाई तक भरा रहा। पानी के साथ बहकर आने वाली मिट्टी से अंडरपास का सीवरेज सिस्टम चोक हो गया। इसी के चलते सभी अंडरपासों में जलभराव और कीचड़ जमा है। जिन किसानों के खेत इन अंडरपास के नजदीक हैं, वे अपने खेतों में नहीं जा पा रहे हैं। गांवों में जाने के लिए भी लोगों को वैकल्पिक रास्ते तलाशने पड़ रहे हैं। कई बार मामले की शिकायत रेलवे के अधिकारियों से की जा चुकी है। रेलवे ने पंपसेट के माध्यम से पानी निकासी के लिए कर्मचारी भी नियुक्त कर रखा है, लेकिन उक्त कर्मचारी कोई कार्य नहीं कर रहा है। इससे किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन अधीक्षक अयूब खान का कहना है कि शिकायत मिली है। संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए जा रहे हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने भी किया था प्रयास
अंडरपास में जलभराव की समस्या के संबंध में केंद्रीय राज्य मंत्री डा. सत्यपाल ¨सह ने पिछले दिनों बड़ौत रेलवे स्टेशन पर हुए कार्यक्रम में पहुंचे डीआरएम को भी निर्देश दिए थे। डीआरएम ने जल्द समस्या के स्थाई समाधान का आश्वासन भी दिया था, मगर कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। इससे लोगों में आक्रोश पनप रहा है।
कई गांवों में छाया हुआ अंधेरा
दो दिन पूर्व आए तूफान से कई गांवों में विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिनके मरम्मत का कार्य चल रहा है। इसके चलते कई गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं।