विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बागपत में 10 केंद्रों पर तीन दिन होगी यूपी PET एग्जाम, 25344 अभ्यर्थी होंगे शामिल

Published: Thu, 22 Oct 2026 02:46 PM (IST)

बागपत में 25, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को यूपी पीईटी 2026 की लिखित परीक्षा 10 केंद्रों पर होगी, जिसमें 25,344 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

10 केंद्रों पर तीन दिन होगी यूपी PET परीक्षा।

10 केंद्रों पर तीन दिन होगी यूपी PET परीक्षा।

HighLights

  1. बागपत में 25, 30 अक्टूबर, 1 नवंबर को पीईटी परीक्षा।

  2. 10 केंद्रों पर 25,344 अभ्यर्थी देंगे नकलविहीन परीक्षा।

  3. डीएम, एसपी ने सुरक्षा, पारदर्शिता हेतु दिए कड़े निर्देश।

जागरण संवाददाता, बागपत। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2026 की लिखित परीक्षा 25, 30 अक्टूबर व एक नवंबर को होगी। परीक्षा को पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को डीएम दिव्यांशु पटेल व एसपी पूर्णेन्दु सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक की। परीक्षा की शुचिता, सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पैट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा के सफल, पारदर्शी और नकलविहीन आयोजन में सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय है। अपने दायित्वों के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

लापरवाही पर शासन स्तर पर संज्ञान लिए जाने के लिए प्रमुख सचिव को पत्र भेजने के निर्देश दिए। तीन दिन चलने वाली पैट परीक्षा के लिए 10 केंद्र बनाए गए हैं। तीनों तिथियों में दो-दो पालियों में परीक्षा होगी। प्रत्येक पाली में 4,224 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

इस तरह छह पालियों में कुल 25,344 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्था दुरुस्त रखेंगे। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले केंद्रों के गेट बंद कर दिए जाएंगे। परीक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए तीन जोनल मजिस्ट्रेट, 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 10 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। 516 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।

डीआइओएस राजीव कुमार यादव ने परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की जानकारी दी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार पर जोर दिया। एसपी पूर्णेन्दु सिंह ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों, अनधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही और अनुचित साधनों पर निगरानी रखी जाएगी।