हंगामे के बाद गन्ना तौल शुरू
जिवाना गुलियान गांव में मलकपुर चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर तौल शुरू न होने से नाराज किसानों ने हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया जिसके बाद वहां पहुंचे मिल कर्मियों ने तौल शुरू कराई।
बागपत, जेएनएन: जिवाना गुलियान गांव में मलकपुर चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर तौल शुरू न होने से नाराज किसानों ने हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया। बाद में वहां पहुंचे मिल कर्मियों ने तौल शुरू कराई।
जिवाना गुलियान गांव में किसानों के बीच विवाद के कारण मलकपुर चीनी मिल ने पेराई सत्र शुरू होने के बाद भी क्रय केंद्र नहीं लगाया था। किसानों ने अधिकारियों से गुहार लगाई तो चार दिन पूर्व क्रय केंद्र स्थापित हुआ। गन्ना आपूर्ति के लिए किसानों को इंडेंट भी जारी किया, लेकिन तौल शुरू नहीं की जा रही थी। इससे आक्रोशित किसानों ने बुधवार को सुबह क्रय केंद्र पर प्रदर्शन किया। सूचना पर मिल के जोन इंचार्ज ऋषिपाल सिंह व तौल लिपिक संदीप कुमार मौके पर पहुंचे। किसानों को समझाकर कुछ किसानों की गन्ने से भरी बुग्गी की तौल की। इस दौरान किसानों ने कांटा सही न होने की भी शिकायत की, जिसे जल्द सुधार करने का आश्वासन किसानों को देकर शांत किया। इस दौरान हरेंद्र सोलंकी, राजेंद्र, इंद्रपाल, रामफल, ओमवीर, संजीव, सुनील, रमेश आदि मौजूद रहे।