विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रिश्तेदारी में गए युवक को सांप ने काटा, मां भी बनी दो बार शिकार, सर्पदंश से हो चुकी है छोटे भाई की मौत

Published: Fri, 18 Sep 2026 12:53 PM (IST)

शामली में रिश्तेदारी में गए बागपत निवासी युवक सौरभ को सोते समय सांप ने डस लिया, जिसके बाद उसे मेरठ ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, बागपत। शामली के करोड़ी गांव रिश्तेदारी में गए युवक को मंगलवार देर रात सोते समय सांप ने डस लिया। जिसको इलाज के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सर्पदंश से युवक के छोटे भाई की भी मौत हो चुकी है, जबकि मां को भी सांप दो बार डस चुके हैं।

बिनौली गांव निवासी राजेश का पुत्र सौरभ सोमवार को अपनी रिश्तेदारी में बहन रितु के यहां शामली के करोड़ी गांव में गया था। देर रात करीब दो बजे बेड पर सोते समय उसके बाएं पैर में एडी के पास सांप ने डस लिया, जिसकी जानकारी उसने अपने बहनोई मनीष व बहन को दी। वे उसे शामली के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, जिसके बाद उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां दोपहर बाद इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।

बताते चलें कि सौरभ की मां अमरेश को भी सांप दो बार डस चुके हैं। एक बार 29 जुलाई को सांप ने डसा, जबकि दूसरी बार 31 जुलाई को चारपाई पर सोते समय सांप ने डस लिया था। सौरभ के छोटे भाई 16 वर्षीय विशाल की 30 जुलाई को सर्पदंश से मौत हो गई थी।

सांप ने दो लोगों को डसा, भर्ती

बुलंदशहर: जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर सांप ने दो लोगों को डस लिया। दोनों को इलाज के लिए कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कालेज से संबद्ध अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। लडाना गांव के 50 वर्षीय कृष्ण कुमार को बुधवार सुबह सांप ने डस लिया, जिसके बाद स्वजन ने उन्हें जहांगीराबाद सीएचसी पहुंचाया। वहां एएसवी (एंटी स्नेक वेनम) लगाने के बाद उन्हें रेफर किया गया।

वहीं, सिकंदराबाद के हांडा गांव के 28 वर्षीय कृष्ण कुमार को घर पर सांप ने डस लिया। स्वजन ने उन्हें तुरंत मेडिकल कालेज पहुंचाया। मेडिकल कालेज के एमएस डा. धीर सिंह ने बताया कि दोनों मरीजों को एएसवी की दस-दस वायल्स दी गई हैं और अब वे खतरे से बाहर हैं।

बिजनौर में भी दो लोगों को सांप ने डसा

भूतपुरी: अलग-अलग स्थानों पर दो लोगों को सांप ने डस लिया। गंभीर हालत में स्वजन ने उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां एंटी वेनम वैक्सीन लगाकर उन्हें घर भेज दिया गया।

गांव सादनगर की 55 वर्षीय बीना देवी बुधवार सुबह अपने घेर में तोरी तोड़ते समय सांप के डसने का शिकार हुईं। स्वजन ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ। सीएचसी प्रभारी डाॅ. सर्वेश निराला ने बताया कि सांप के डसने पर झाड़-फूंक के बजाय सरकारी अस्पताल में उपचार कराना चाहिए।

नहटौर के गांव खेड़की बिलाई के 19 वर्षीय विशु को भी बुधवार सुबह जंगल में सांप ने डस लिया। घर लौटकर उसने स्वजन को बताया, जिन्होंने उसे सीएचसी में भर्ती कराया।