पुश्ते के साथ ही नेशनल हाईवे पर दौड़े रहे रेत लदे ओवरलोडेड वाहन
पचायरा की खदान से रेत लदे ओवरलोडेड वाहन अब पुश्ते के साथ नेशनल हाइवे पर भी दौड़ रहे हैं। पुलिस प्रशासन रेत लदे वाहनों पर कार्रवाई नहीं कर रहा है। शिकायत के बाद भी अधिकारी मौन साधे हुए हैं।
बागपत, जेएनएन। पचायरा की खदान से रेत लदे ओवरलोडेड वाहन अब पुश्ते के साथ नेशनल हाइवे पर भी दौड़ रहे हैं। पुलिस प्रशासन रेत लदे वाहनों पर कार्रवाई नहीं कर रहा है। शिकायत के बाद भी अधिकारी मौन साधे हुए हैं।
गाजियाबाद के पचायरा में पिछले माह से रेत की खदान चल रही है। रोजाना दर्जन भर से अधिक ओवरलोडेड ट्रक यमुना पुश्ता मार्ग से मवीकलां के बाहर निकलते थे। फिर रात में ट्रक ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे (ईपीई) से होकर गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर व हापुड़ रेत सप्लाई करते थे। ओवरलोडेड वाहनों से पुश्ता मार्ग क्षतिग्रस्त होने से खादर से सटे गांवों के किसानों को परेशानी होती थी। कई बार ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों से संबंध में शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अब ये ओवरलोडेड ट्रक दिन में ही दिल्ली एनएच से होकर गुजर रहे हैं। रास्ते में पाठशाला चौकी के साथ तहसील भी पड़ती है, लेकिन कोई अधिकारी ओवरलोडेड रेत के वाहनों पर कार्रवाई को हाथ नहीं बढ़ा रहा है। एसडीएम अजय कुमार का कहना है कि एआरटीओ को ओवरलोडेड वाहनों पर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जाएगा। हरियाणा से निरंतर यूपी में बढ़ रहे वाहन
संवाद सहयोगी, खेकड़ा : दिल्ली बार्डर पर किसानों का कब्जा होने से हरियाणा के लोगों को उत्तर प्रदेश से होकर जाना पड़ रहा है। ऐसे में वाहनों की संख्या बढ़ने से राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर हर वक्त जाम की स्थिति बनी रहती है। राहगीरों के साथ ही पुलिस को भी परेशानी हो रही है।
नए कृषि कानून के विरोध में आक्रोशित किसान ने हरियाणा-दिल्ली के सिघु बार्डर पर आंदोलन कर रहे है। इसके चलते कोई भी वाहन बार्डर पार नहीं कर पा रहा है। वहीं हरियाणा से दिल्ली जाने वाहनों को एनएच 709बी से होकर गुजरना पड़ रहा है। हरियाणा के वाहनों की संख्या लगातार एनएच पर बढ़ रही है। हर वक्त पाठशाला चौराहे पर जाम की स्थिति बनी रहती है। शुक्रवार सुबह से शाम तक पुलिस जाम खुलवाने को मुस्तैद रही। जाम के कारण क्षेत्र के लोगों ने पाठशाला बस स्टैंड की तरफ अपने वाहनों को ले जाना काफी कम किया है। जाम लगने के कारण राहगीरों को भी खासी परेशानी बढ़ रही है।