बस की टक्कर से पलटी ट्रैक्टर-ट्राली, कई जख्मी
पांची गांव में ओवरटेक करते समय बस की टक्कर लगने से ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। इससे सवार आधा दर्जन लोग जख्मी हुए। घायलों को अस्पताल भर्ती कराकर पुलिस ने पलटे ट्रैक्टर-ट्राली को हटवाकर जाम खुलवाया।
बागपत, जेएनएन। पांची गांव में ओवरटेक करते समय बस की टक्कर लगने से ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। इससे इसमें सवार आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर पुलिस ने पलटे ट्रैक्टर-ट्राली को हटवाकर जाम खुलवाया।
ढिकौली निवासी किसान रतन सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह बुधवार सुबह खेत पर ट्रैक्टर-ट्राली लेकर गया था। दोपहर वापस लौटते वक्त मजदूरी करने वाली आधा दर्जन महिलाएं भी ट्राली में सवार हो गई थी। बंथला-ढिकौली मार्ग पर पांची गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने ओवरटेक करने के प्रयास में ट्राली को टक्कर मार दी। दौड़ते ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर हाइवे पर पलट गई। आरोपित चालक बस को छोड़कर फरार हो गया। ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। घायल रतन सिंह, खुर्शीदा, नसीमा, ताहिर, रुखसाना, अमरेश, सोनम, ममता व खुलमिजरा को पिलाना पीएचसी भर्ती कराया। पुलिस ने पलटे वाहन को हटवाकर जाम खुलवाया तो फंसे वाहन चालकों ने राहत की सांस ली और गंतव्य को रवाना हुए। मिली जानकारी के मुताबिक बस दिल्ली के सुंदरनगरी से बारात लेकर पांची जा रही थी।