NDA सरकार के सहयोगी सांसद राजकुमार का यूपी पुलिस पर हमला; बोले- बागपत Police लूट खसोट में जुटी
बागपत में बढ़ते अपराधों को लेकर रालोद सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने बागपत पुलिस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पुलिस लूट-खसोट में लगी है और योगी ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, बागपत। भाजपा की प्रदेश एवं केंद्र सरकार में शामिल रालोद के सांसद डा. राजकुमार सांगवान ने बढ़ते अपराधों को मुद्दा बना बागपत पुलिस पर प्रहार किया। उन्होंने बागपत में पुलिस पर लूट खसोट कर योगीजी की सरकार के सुदृढ़ कानून व्यवस्था का सपना ध्वस्त करने का आरोप लगाया। बोले कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
शुक्रवार को रालोद सांसद डा. राजकुमार सांगवान ने स्यादव्याद इंस्टीट्यूट बागपत के स्थापना दिवस पर बागपत में बढ़ते अपराधों की ओर ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री अपराध मुक्त और भय मुक्त समाज की स्थापना का प्रयास कर रहे हैं पर बागपत पुलिस लूट खसोट में लगी है। बागपत में पुलिस की कार्यप्रणाली बेहद कमजोर तथा निराशाजनक है।
समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे
आरोप लगाया कि किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा। किसान अपने ट्यूबवैल से चोरी होने की शिकायतें दर्ज कराते हैं, लेकिन थानेदार इनकी एफआईआर तक दर्ज करने से कतराते हैं। पुलिस की बेरुखी से किसानों में गहरा असंतोष है। लोग शिकायत लेकर जाते हैं लेकिन रमाला समेत कई थानों में उनकी समस्या सुनने के बजाय उनसे गालीगलोज की जाती है।
बढ़ते अपराध पर नाराजगी
सांसद ने जिले में बढ़ते अपराधों पर नाराजगी जताई। कहा कि आए दिन व्यापारियों के प्रतिष्ठानों और घरों में चोरी व लूट की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस की निष्क्रियता से महीनों बीतने के बाद भी अधिकांश मामलों का खुलासा नहीं हो पाता। अपराधियों के मन में भय नहीं है।
सांसद ने कहा कि महिला सुरक्षा पर पुलिस विफल है। महिलाओं से छेड़छाड़, दुष्कर्म व हत्या जैसी घटना बढ़ी हैं। आनर किलिंग, धोखाधड़ी, मारपीट के मामलों में तेजी आई। ऐसे में किसी जगह जाते हैं तो लोग जवाब मांगते हैं।
सांसद ने कहा कि वे रालोद जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर जल्द जनसमस्या अधिकारियों की उदासीनता को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग करेंगे। रालोद जिलाध्यक्ष ने कहा कि बागपत में पुलिस के साथ बाकी विभागों के अधिकारी आमजन की तो बात छोड़िए नेताओं तक की काल रिसीव नहीं करते। नेता डा. कुलदीप उज्ज्वल ने भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।