15 को कार्यकर्ताओं से मिलेंगे रालोद प्रमुख चौ.अजित सिंह
नगर स्थित रालोद कार्यालय पर गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक हुई जिसमें पार्टी का सदस्यता अभियान शुरू कर दिया।
बागपत, जेएनएन। नगर स्थित रालोद कार्यालय पर गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक हुई, जिसमें पार्टी का सदस्यता अभियान शुरू किया गया।
बैठक में जिलाध्यक्ष सुखबीर सिंह गठीना ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह 15 सितंबर को बड़ौत में पार्टी कार्यालय पहुंचेंगे। वह कार्यकर्ताओं व जनता के प्रतिनिधियों से रूबरू होंगे। अजित सिंह का जनपद में जगह-जगह स्वागत किया जाएगा। बैठक में इस बात पर भी सहमति बनी कि कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर वोट बनवाएं और मतदाता सूची में अशुद्धियों को ठीक कराने में जुट जाएं। बूथवार कार्यकर्ताओं की सूची बनाने पर विचार किया गया। बैठक में गन्ने के नए पेराई सत्र में गन्ना मूल्य 450 रुपये प्रति कुंतल घोषित करने, अपराध पर अंकुश लगाने, बिजली की बढ़ी दरों को घटाने व एमवी एक्ट को वापस लेने की मांग की गई।
युवा जिलाध्यक्ष प्रमेंद्र तोमर के संचालन में हुई बैठक में पूर्व विधायक वीरपाल राठी, पूर्व विधायक डा. अजय कुमार, पूर्व विधायक डा. अजय तोमर, पूर्व विधायक गजेंद्र सिंह मुन्ना, नबाव अहमद हमीद, प्रो. बलजीत सिंह आर्य, विश्वास चौधरी, राममेहर हेवा, प्रधानाचार्य ओमवीर सिंह तोमर, नगर पंचायत टीकरी के चेयरमैन सोमपाल राठी आदि मौजूद रहे।