अंगूठे लगवा लिए, अब राशन नहीं दे रहा डीलर
विजयनगर मोहल्ले के राशन डीलर विनोद की दुकान भूमिया चौराहे पर स्थित है। रविवार सुबह से ही राशन लेने को लोगों की कतार लगनी शुरू हो गई थी। कुछ देर बाद लोगों ने दुकान पर हंगामा शुरू कर दिया। आरोप था कि पिछले माह भी डीलर ने उनसे अंगूठे लगवा लिए थे लेकिन राशन नहीं दिया।
बागपत, जेएनएन। विजयनगर मोहल्ले के राशन डीलर ने कुछ उपभोक्ताओं से रजिस्टर पर अंगूठे तो लगवा लिये, लेकिन उन्हें राशन नहीं दिया।
राशन डीलर विनोद की भूमिया चौराहे पर दुकान है। रविवार सुबह से ही राशन लेने वालों की कतार लगनी शुरू हो गई थी। कुछ देर बाद लोगों ने दुकान पर हंगामा शुरू कर दिया। आरोप था कि पिछले माह भी डीलर ने उनसे अंगूठे लगवा लिए थे, लेकिन राशन नहीं दिया। तब अगली बार दोनों महीनों का राशन देने की बात कही थी। आरोप है कि महीनों से डीलर यूनिट के सापेक्ष आधा राशन दे रहा है। राशन नहीं मिलने से परिवार के सामने परेशानी बनी है। आज राशन लेने आए हैं तो डीलर कुछ दिन बाद आने के लिए कह रहा है। लोगों ने डीलर के खिलाफ हंगामा किया। हंगामा पर डीलर दुकान बंद कर फरार हुआ। आक्रोशित लोगों ने प्रशासन ने डीलर के खिलाफ कार्रवाई कर दुकान निरस्त कराने को मांग की है। राजबीरी, मुनेश, राकेश, शकुंतला, बालेश, दीपक, मनोज, महेश, राजकुमार आदि शामिल रहे। एसडीएम दुर्गेश मिश्र ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने की बात कही है।