विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

2027 के चुनाव में ईडी और पुलिस का इस्तेमाल कर सकती है भाजपा; राकेश टिकैत का बड़ा आरोप

By Rajeev Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 03 Oct 2026 06:10 AM (IST)

राकेश टिकैत ने 2027 के विधानसभा चुनावों में भाजपा पर सरकारी तंत्र, पुलिस और ईडी के दुरुपयोग का आरोप लगाया। ...और पढ़ें

बड़ौत की पट्टी चौधरान में देशखाप चौधरी सुरेंद्र सिंह के आवास पर सांत्वना देने पहुंचे भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत। जागरण

बड़ौत की पट्टी चौधरान में देशखाप चौधरी सुरेंद्र सिंह के आवास पर सांत्वना देने पहुंचे भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत। जागरण

HighLights

  1. टिकैत ने 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए।

  2. सरकारी तंत्र, पुलिस, ईडी के दुरुपयोग से विपक्षी प्रत्याशी रोके जाएंगे।

  3. पुराने वाहनों पर कार्रवाई के विरोध में लोगों के वाहन जलाने की चेतावनी।

जागरण संवाददाता, बड़ौत (बागपत)। भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत शुक्रवार को देशखाप चौधरी सुरेंद्र सिंह के आवास पर पहुंचे। उन्होंने सुरेंद्र सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया और स्वजन को ढांढस बंधाया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने चुनाव में सरकारी तंत्र और पुलिस के इस्तेमाल की आशंका जताते हुए कहा कि इस बार विपक्ष के मजबूत प्रत्याशियों को चुनाव मैदान से बाहर करने की कोशिश की जा सकती है।

राकेश टिकैत ने कहा कि पिछले चुनाव में उनके अनुसार एक नया ट्रेंड देखने को मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि जीते हुए प्रत्याशी को हराने और पराजित प्रत्याशी को जीत का प्रमाण पत्र देने जैसी स्थिति सामने आई। अब अगले चुनाव में इससे आगे बढ़कर मजबूत प्रत्याशियों का नामांकन ही वापस कराने की कोशिश की जा सकती है। इसके बाद भाजपा के प्रत्याशी को विजेता घोषित कर दिया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव में सरकार, ईडी और पुलिस का इस्तेमाल कर सकती है। सपा और कांग्रेस के मजबूत प्रत्याशियों को चुनाव लड़ने से रोकने के लिए दबाव बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है और सभी राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों को चुनाव लड़ने का अवसर मिलना चाहिए। किसान संगठन पूरे घटनाक्रम पर नजर रखेंगे और चुनाव प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका होने पर आवाज उठाई जाएगी।

पुराने वाहनों की कार्रवाई पर भी जताई नाराजगी
एनसीआर में पुराने वाहनों के खिलाफ चल रही कार्रवाई को लेकर भी राकेश टिकैत ने सरकार और प्रशासन को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर, शामली और बागपत में एआरटीओ की ओर से पुराने वाहन पकड़े जा रहे हैं। इसके विरोध में कई स्थानों पर धरना-प्रदर्शन भी हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पुराने वाहन लोगों की जरूरत हैं और कार्रवाई से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। राकेश टिकैत ने कहा कि यदि पुराने वाहन पकड़े गए तो गांवों में लोग अपने वाहन खुद जला सकते हैं।

उन्होंने दावा किया कि लगभग 50 वाहन जलने के बाद यह नीति समाप्त हो जाएगी। कुछ लोगों की योजना है कि यदि प्रशासन वाहन जब्त करने पहुंचता है तो लोग उससे पहले ही अपने वाहन जला दें। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि किसान नेता ग्रामीणों को इस तरह की प्रतिक्रिया देने से रोकने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से संयम बनाए रखने की बात कही।