देवी-देवताओं की आपत्तिजनक फोटो डालने पर थाने का घेराव
देवी-देवताओं के आपत्तिजनक फोटो व्हाट्सअप ग्रुप पर अपलोड करने पर क्षेत्र में आक्रेाश फैल गया। चमरावल के युवक ने गैर संप्रदाय के दो आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
बागपत, जेएनएन। देवी-देवताओं के आपत्तिजनक फोटो वाट्सएप ग्रुप पर अपलोड करने के विरोध में युवाओं ने रविवार रात कई घंटों तक थाने का घेराव किया। एकयुवक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सोमवार शाम को विशेष संप्रदाय के दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
ललियाना गांव निवासी रिजवान पुत्र इस्लाम ने वाट्सएप पर खलनायक नाम से ग्रुप बना रखा है। इससे आसपास के गांव के दर्जनों युवा जुड़े हैं। रविवार रात को ललियाना गांव में किराए पर रहने वाले सलमान अंसारी ने देवी-देवताओं की आपत्तिजनक फोटो ग्रुप पर अपलोड कर दी। फोटो देखकर चमरावल गांव निवासी पवन ने फोन पर रिजवान से विरोध जताया। विरोध करने पर आरोपित ने पवन से गाली-गलौज की। पवन ने रात में ही थाने में आरोपितों के खिलाफ तहरीर दे दी। इसकी जानकारी मिलने पर थाने में गांव के अन्य युवक पहुंच गए। आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रात में ही युवाओं ने थाने का घेराव किया। एसओ धर्मेद्र संधू ने बताया है कि सोमवार शाम दबिश देकर ग्रुप एडमिन रिजवान व सलमान को गिरफ्तार कर लिया गया।