कांवड़ लाने पर मुस्लिम युवक को घर में घुसने से रोका, हिंदू महिला ने किया उसके लाए गंगाजल से स्नान
हरिद्वार से गंगाजल लेकर आए मुस्लिम युवक ने बागपत के शिव मंदिर में जलाभिषेक किया। कांवड़ लाने से नाराज उसके स्वजन ने उसे घर में आने से मना कर दिया।

हिंदू परिवार के घर में रखे मुस्लिम युवक द्वारा लाई कांवड़ के कलश। जागरण
HighLights
कांवड़ लेकर पहुंचा था गांव के मंदिर।
बागपत के गांव गांगनौली का मामला।
संवाद सूत्र, दाहा (बागपत)। बागपत। हरिद्वार से गंगाजल लेकर आए मुस्लिम युवक ने गांव के शिव मंदिर में जलाभिषेक किया। ग्रामीणों ने उसका स्वागत-सत्कार किया। वहीं, कांवड़ लाने से नाराज स्वजन ने युवक को घर में आने से मना कर दिया। युवक को मंदिर में खड़ा देख हिंदू समाज के लोग उसे अपने घर ले आए। युवक ने हिंदू महिला को गंगाजल स्नान करने को सौंप दिया। कलश कांवड़ को भी उनके घर छाेड़ दिया।
गांगनौली निवासी मोहम्मद कल्लू ने हरिद्वार से 31 लीटर गंगाजल की कांवड़ लेकर गांव के शिव मंदिर में मंगलवार को जलाभिषेक किया। बताया कि युवक के स्वजन उसे मंदिर से लेने नहीं पहुंचे तो हिंदू समाज के लोग उसे पास के ही एक मकान में ले गए, जहां युवक का पहले से ही आना-जाना है।
जहां युवक ने गंगाजल हिंदू महिला को स्नान करने को सौंप दिया। कलश कांवड़ को वहीं छोड़ दिया। इसके बाद गांव में तरह-तरह की चर्चा होने के बाद युवक की मां उसे अपने साथ घर ले गई।
इस संबंध में थाना प्रभारी दोघट केवल सिंह ने बताया कि जानकारी मिलने पर चौकी प्रभारी विकुल कुमार को मौके पर भेजकर जानकारी ली तो पता चला कि युवक अपनी मां से ही कांवड़ के लिए पैसे लेकर गया था। युवक अपनी मां हमीदन के ही पास है।
मुस्लिम युवक ने हरिद्वार से कांवड़ लाकर पेश की भाईचारे की मिसाल
बालैनी: पिलाना गांव निवासी मुस्लिम युवक तोसीन उर्फ पप्पू पुत्र वाहिद ने हरिद्वार से गंगाजल लाकर पुरा महादेव मंदिर में भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया। इसके बाद युवक ने गांव के शिव मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। मुस्लिम युवक द्वारा कांवड़ लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने का मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
मंगलवार को गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उसका फूल-माला से स्वागत किया। ग्रामीण गुलशन त्यागी, सोनू त्यागी, आदेश और विनोद आदि ने कहा कि तोसीन उर्फ पप्पू ने कांवड़ लाकर आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द की नई मिसाल पेश की है। उनका कहना है कि ऐसे प्रयास समाज में एकता और सद्भावना का संदेश देते है।
कावड़ लाने के विषय में बात करने पर तोसीन ने बताया की सनातन धर्म मे उनकी आस्था है। वह सभी धर्मों को मानते है। अपने धर्म के साथ सनातन धर्म का भी सम्मान करते है। सतपाल, अशोक, नरेश, रविन्द्र, शेखर त्यागी, संजय आदि मौजूद रहे।
